ढाबा मालिक की गोली मारकर हत्या

आदित्य मंगल न्यूज़

मथुरा जिले के थाना हाईवे क्षेत्र के गांव सलेमपुर में अपना ढाबा के मालिक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। एक मोटरसाइकिल पर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। ढाबा मालिक की बुआ, उसके दो चचेरे भाई और एक चाचा को हत्या में नामजद कराया गया है। पुलिस ने दो लोगों को अपनी हिरासत में ले लिया।

सलेमपुर निवासी लाखन चौधरी का सौंख रोड के किनारे ढाबा है। उसके ऊपर वह अपने परिवार के साथ मे रहते थे। रात करीब दस बजे लाखन अपने ढाबे पर बैठे थे। उनके पुत्र मनीष और देवेंद्र के अलावा एक कर्मचारी भी था। तीन युवक एक ही मोटर साइकिल पर आए। एक युवक ने सिगरेट मांगी। लाखन सिगरेट देने लगे, तभी उनके सीने में युवक ने गोली मार दी। बेटों ने शोर मचाया, तब तक दूसरे युवक ने दूसरी गोली सीने मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

एसएसपी शैलेश पांडेय, एसपी सिटी एमपी सिंह और थाना हाईवे प्रभारी छोटे लाल घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस को पूछताछ में पीड़ित परिवार के लोगों ने बंटी का नाम बताया तो पुलिस घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर गांव में बंटी के घर पहुंची तो वह अपने घर पर सो रहा था। बंटी लाखन के चाचा का पुत्र है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। मृतक के छोटे भाई ने बंटी, अपनी बुआ इंद्रा, चाचा नृपत और नृपत के पुत्र हिमांशु के खिलाफ थाना हाईवे में नामजद मुकदमा लिखाया है।

डीवीआर बनी रहस्य

ढाबे पर सीसीटीवी लगे थे। उसकी डीवीआर गायब हो गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार और ढाबे के कर्मचारी से अलग अलग पूछताछ की। परिवार वालो ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले ही लाखन डीवीआर को निकाल कर कहीं ले गया था। कर्मचारी का कहना था कि घटना के समय तक सीसीटीवी काम कर रहे थे। एसपी सिटी ने बताया इसकी जांच की जा रही है।

जमीन का था विवाद

लाखन के पिता रामवीर का अपने भाइयों और भतीजे बंटी से पौने चार बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बंटी के पिता महावीर 20 साल से लापता हैं, जबकि नृपत सीआईएसएफ में तैनात है।