मोहित विश्वकर्मा वृंदावन
तीन शातिर घायल, श्रद्धालुओं से करते थे छिनैती
वृंदावन में श्रद्धालुओं को निशाना बना रहे छिनैती गिरोह के खिलाफ पुलिस ने देर रात कार्रवाई की। पुलिस मुठभेड़ में तीन शातिर अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। तीनों को मौके से गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार ये आरोपी लंबे समय से वृंदावन क्षेत्र में श्रद्धालुओं से पर्स और मोबाइल छीनने की घटनाओं में सक्रिय थे।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 14 जनवरी की रात थाना वृंदावन पुलिस को सूचना मिली थी कि छिनैती की घटनाओं में शामिल बदमाश मोटरसाइकिल से चैतन्य विहार क्षेत्र की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग शुरू की। इसी दौरान गौ ग्राम चौराह से धौरेरा की ओर जा रहे तीन संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से तीनों घायल हो गए।
सुदामा कुटी शताब्दी महोत्सव में गूंजा श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का मुद्दा
घायल बदमाशों की पहचान गौरव, रोहित और विमल उर्फ लड्डू के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से तीन तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस का कहना है कि ये आरोपी वृंदावन के विभिन्न इलाकों में महिला श्रद्धालुओं और यात्रियों से छिनैती की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। मंदिरों और परिक्रमा मार्ग के आसपास इनकी गतिविधियों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
कार्रवाई में थाना वृंदावन के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय, निरीक्षक अपराध धर्मेन्द्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अभय शर्मा सहित उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों की टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।








