बाईपास पर पुलिस से मुठभेड़, 25 हजार का इनामी साइबर अपराधी घायल, गिरफ्तार

 

मनोज चौधरी

गोवर्धन थाना क्षेत्र के गांठोली–जमुनाबता बाईपास पर मंगलवार रात पुलिस चेकिंग के दौरान एक इनामी साइबर अपराधी से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 25 हजार रुपए का इनामी अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

पुलिस के अनुसार रात करीब साढ़े दस बजे गोवर्धन पुलिस और एसओजी टीम बाईपास पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। बाइक सवार ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।

घटनास्थल से एक बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में तलाशी अभियान भी चलाया।

वृंदावन में सुदामा कुटी शताब्दी महोत्सव में क्या बोले श्री कृष्ण जन्मभूमि केस के हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवकोट

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पकड़ा गया अभियुक्त लंबे समय से साइबर ठगी की घटनाओं में संलिप्त था। वह ग्रामीण इलाकों, खेतों और जंगलों में छिपकर फर्जी सिम और फर्जी पहचान के जरिए अलग-अलग राज्यों में लोगों को फोन करता था। कभी परिचित और कभी अधिकारी बनकर लोगों से धनराशि विभिन्न खातों में डलवाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं।

इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत अंजाम दिया गया। मौके पर एसओजी प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की, जबकि थाना गोवर्धन पुलिस ने घेराबंदी और गिरफ्तारी में सहयोग किया।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है