संकीर्तन के बहाने शिष्या से दुष्कर्म का आरोप, साधु वेशधारी भागवत शरण समेत कई के खिलाफ रिपोर्ट

 

पीड़िता का आरोप- शिकायतों के बावजूद महीनों तक नहीं हुई सुनवाई, राष्ट्रपति को आत्मदाह की अनुमति मांगने संबंधी प्रार्थना पत्र भेजने के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

छाता (मथुरा)। धर्म और अध्यात्म की आड़ में महिलाओं के शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। थाना छाता क्षेत्र के गांव सांखी के निकट स्थित खीर वाली मैया मंदिर परिसर में बने आश्रम में साधु वेशधारी भागवत शरण पर अपनी शिष्या के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 6 नवंबर को मुकदमा दर्ज किया है। मामले में कुछ अन्य लोगों पर भी पीड़िता को धमकाने और घटना को दबाने का दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं।

पीड़िता के अनुसार, घटना 7/8 जून 2026 की रात की है। उस समय आश्रम में संकीर्तन चल रहा था। आरोप है कि रात करीब 11 बजे भागवत शरण उसे संकीर्तन स्थल से यह कहकर छत पर ले गया कि नीचे गर्मी है और ऊपर जाकर सो जाओ। पीड़िता का आरोप है कि गुरु की आज्ञा समझकर वह अनिच्छा के बावजूद छत पर चली गई। वहां उसे अपने बिस्तर के पास बुलाकर पहले पैर दबाने और फिर हाथ दबाने के लिए कहा गया। इसी दौरान उसके साथ अश्लील हरकतें की गई।

दबाव बनाकर चुप कराने का आरोप

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि घटना की जानकारी सामने आने के बाद भागवत शरण के विश्वासपात्र शिष्यों ने उसे चुप कराने का प्रयास किया। आरोप है कि बालकृष्ण गौड़, रामदास उर्फ राम उपाध्याय, गिरधर गोपाल, वासुदेव बाबा और निकुंज नामक महिला ने उसे कोसीकलां के निकट विशंभरा गांव में कथा सुनने के बहाने एक कमरे में बंद कर घटना के बारे में चुप रहने का दबाव बनाया। पीड़िता का दावा है कि उसके पास घटना से संबंधित साक्ष्य भी उपलब्ध हैं।

कई स्तरों पर शिकायत के बाद दर्ज हुई रिपोर्ट

पीड़िता के मुताबिक, उसने न्याय की मांग को लेकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी मथुरा, एसएसपी मथुरा और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतें की थीं। इसके बावजूद लंबे समय तक उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने राष्ट्रपति को 7 दिसंबर 2026 को एसएसपी कार्यालय के सामने आत्मदाह करने की अनुमति मांगने संबंधी प्रार्थना पत्र भेजा। पीड़िता का आरोप है कि इस प्रकरण में प्रशासनिक सक्रियता तभी दिखाई दी और 6 नवंबर को उसे बुलाकर रिपोर्ट दर्ज की गई।

नेपाल का मूल निवासी बताया जा रहा आरोपी

शिकायत में भागवत शरण को मूल रूप से नेपाल का निवासी बताया गया है। पीड़िता का आरोप है कि वह ब्रज क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों और आश्रम के माध्यम से अपना प्रभाव बनाकर लोगों का विश्वास हासिल करता है। उसने यह भी आरोप लगाया है कि महिलाओं और युवतियों से जुड़े कथित मामलों को दबाने के लिए उसके कुछ करीबी लोग सक्रिय रहते हैं।

अब इस पूरे मामले में पुलिस की जांच महत्वपूर्ण होगी। पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों, उपलब्ध साक्ष्यों और नामजद किए गए अन्य लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच से ही सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल बड़ा सवाल यह है कि क्या पीड़िता को निष्पक्ष जांच और न्याय मिल पाएगा?