– 24 अक्टूबर को धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड पर होगा औपचारिक शुभारंभ, ईशान मिश्रा की सूफी गायकी भी बनेगी आकर्षण
– 130 दुकानों के साथ सजेगा मेला, गोकुल गांव में दिखेगी ब्रज की प्राचीन ग्रामीण संस्कृति
मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला स्थली मथुरा-वृंदावन में ब्रजरज उत्सव का उल्लास शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है। उत्सव के पहले दिन 23 अक्टूबर को वृंदावन स्थित नवनिर्मित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में सिने अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका ‘गंगा’ का मंचन होगा। इसी प्रस्तुति के साथ ब्रजरज उत्सव की सांस्कृतिक गतिविधियों का आगाज हो जाएगा। इस बार उत्सव के अंतर्गत मथुरा के साथ वृंदावन में भी अतिथि कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि ब्रजरज उत्सव की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। धौलीप्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड पर 24 अक्टूबर को ब्रजरज उत्सव का औपचारिक शुभारंभ कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण करेंगे। इस अवसर पर प्रख्यात कलाकार ईशान मिश्रा सूफी गायन की प्रस्तुति देकर समां बांधेंगे।
उन्होंने बताया कि उत्सव में प्रतिदिन अतिथि कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। दोपहर 12 से दो बजे तक स्कूली बच्चे कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे, जबकि दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद अतिथि कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से उत्सव को ऊंचाईयाँ प्रदान करेंगे।
130 दुकानों पर खानपान, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की बहार
इस बार ब्रजरज उत्सव के लिए धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड को आकर्षक अंदाज में सजाया जा रहा है। मेले में खरीदारी, खानपान, हस्तशिल्प और मनोरंजन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मेला स्थल पर कुल 130 दुकानें बनाई जा रही हैं। इनमें 30 दुकानें फूड कोर्ट, 20 हुनर हाट, 20 हस्तशिल्प, 20 एक जनपद-एक उत्पाद और 20 ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों के लिए निर्धारित की गई हैं। वहीं, 20 दुकानें विभिन्न सरकारी विभागों के लिए रखी गई हैं, जहां विभाग अपनी योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन करेंगे।
मेले में आने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए झूलों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मेला स्थल के सामने मैदान में पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आगंतुकों को किसी तरह की असुविधा न हो।
आकर्षण का केंद्र बनेगा गोकुल गांव
इस बार ब्रजरज उत्सव में गोकुल गांव विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। सीईओ लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि गोकुल गांव की थीम पर एक विशेष स्थल विकसित किया जा रहा है, जहां ब्रज के प्राचीन ग्रामीण जीवन की झलक देखने को मिलेगी। यहां प्राचीन घर, गायों और ग्रामीण परिवेश के माध्यम से पारंपरिक गांव का स्वरूप साकार किया जाएगा। इस पहल के जरिए आगंतुकों को ब्रज की लोक संस्कृति, परंपराओं और पुरानी ग्रामीण जीवनशैली से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
ब्रज रज उत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सूची
अतिथि कलाकार एवं प्रस्तुति
23 अक्टूबर हेमा मालिनी — नृत्य नाटिका ‘गंगा’, स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह, वृंदावन
24 अक्टूबर ईशान मिश्रा — सूफी गायन, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
25 अक्टूबर सौरभ राज जैन — ‘मेरे कृष्ण’, स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह वृंदावन
25 अक्टूबर रसिक वैष्णव — ‘ब्रज रस’ भजन कॉन्सर्ट, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
26 अक्टूबर रासलीला-गीता शोध संस्थान — स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह वृंदावन
26 अक्टूबर सुदेश भोसले म्यूजिकल इवनिंग
27 रूट्स नादात्म बैंड — संगीत प्रस्तुति, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
27 अक्टूबर शिवानी मिश्रा — ‘कलर्स ऑफ यूपी’, स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह वृंदावन
28 अक्टूबर ईशिता विश्वकर्मा — भजन प्रस्तुति, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
29 अक्टूबर लखबीर सिंह लक्खा — भजन प्रस्तुति, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
30 अक्टूबर अतुल पंडित — सांस्कृतिक प्रस्तुति, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
31 अक्टूबर पद्मश्री रामदयाल — नौटंकी, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
1 नवंबर मधुरम डिवोशनल म्यूजिकल बैंड, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड
2 नवंबर बैक स्टेज सिवलिंग — संगीत प्रस्तुति, धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड








