घर में घुसकर मां-बेटी पर हमला, 10-15 अज्ञात थे हमलावर
पीड़िता ने एसीपी से की शिकायत, एक पुलिसकर्मी पर भी लगाया मिलीभगत का आरोप
मथुरा। वृंदावन के रमणरेती क्षेत्र की हरे कृष्ण धाम मधुवन कॉलोनी में घर में घुसकर मां-बेटी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता मधु अवस्थी ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर 10-15 अज्ञात लोगों पर घर में घुसकर हमला करने, मोबाइल फोन छीनने और धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत में एक पुलिसकर्मी पर भी हमलावरों से मिलीभगत का आरोप लगाया गया है।
मधु अवस्थी ने एसएसपी से की शिकायत में बताया कि 27 सितंबर की सुबह करीब 11 से 11:30 बजे वह अपनी बेटी हरिप्रिया के साथ घर में थीं। इसी दौरान 10-15 युवक और महिलाएं अचानक घर में घुस आए। आरोप है कि दो युवक खुद को अधिवक्ता बता रहे थे। सभी ने मिलकर मां-बेटी के साथ मारपीट की और मोबाइल फोन छीन लिया। शोर सुनकर पति शिवशरण अवस्थी ऊर्फ संत श्यामानंद जी महाराज बाहर आए तो उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ खींचतान की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
हमलावरों के जाने के बाद रसोई से एक पर्स भी गायब मिला, जिसमें करीब सात-आठ हजार रुपये और सोने की अंगूठी ले गए। उन्होंने यह भी कहा कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इसके बावजूद आरोपित पक्ष द्वारा उनको धमकाया गया। पीड़िता का कहना है कि बाद में शाम करीब सात बजे उसकी बेटी का मोबाइल रमणरेती पुलिस चौकी से पुलिस ने वापस कर दिया।
शिकायत में पुलिसकर्मी बॉबी पर भी घटना में मिलीभगत का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि उक्त पुलिसकर्मी पूर्व में रमणरेती चौकी पर तैनात रहा है और उसके मकान के आसपास कई बार आया था। उसने घटना में पुलिसकर्मी की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।







