डीएम ने जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की, नशामुक्ति थीम पर युवा उत्सव और जनगणना-2027 की तैयारियों पर जोर
मथुरा। जनपद में शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस की बैठकों का दौर चला। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था से लेकर जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। पराली जलाने वालों पर एफआईआर और जुर्माने की कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने और जनगणना-2027 की तैयारियों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

पराली जलाने वालों पर होगी कार्रवाई
डीएम ने खंड विकास अधिकारियों को गांवों में मुनादी और चौपाल के माध्यम से किसानों को पराली प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। पराली जलाने वालों को नोटिस देने, जुर्माना लगाने और एफआईआर दर्ज कराने को कहा। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लंबित आवास समय से पूरे कराने, महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने, फैमिली आईडी बनाने और आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। जिले में 40 नई राशन दुकानों में से 22 का निर्माण पूरा हो चुका है।
नवंबर में श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति को लेकर बड़ा आंदोलन, मथुरा में जुटेंगे हजारों कोल-भील
छूटे मतदाताओं के नाम जुड़ेंगे
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में डीएम ने मतदाता सूची के सत्यापन और पुनरीक्षण अभियान की जानकारी दी। बीएलओ पुरानी और अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची का मिलान कर विलोपित मतदाताओं का घर-घर सत्यापन करेंगे। पात्र लोगों के फार्म-6 भरवाकर नाम जोड़े जाएंगे। युवा, महिलाएं, दिव्यांग और बेघर मतदाताओं के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
नशामुक्ति थीम पर युवा उत्सव
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के तहत युवा उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और कविता लेखन प्रतियोगिताएं होंगी। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष के युवा भाग ले सकेंगे। न्यूनतम 30 प्रतिशत युवतियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जनगणना और त्योहारों की तैयारियां
बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज में सात से नौ अक्टूबर तक जनगणना-2027 के दूसरे चरण के लिए फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें जनगणना ऐप, परिवारवार विवरण दर्ज करने और शत-प्रतिशत गणना सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई।
उधर, थाना गोविंद नगर में आगामी त्योहारों और शोभायात्राओं को लेकर बैठक हुई। पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और विद्युत विभाग की टीम ने शोभायात्रा मार्गों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कमियां दूर करने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए।








