-रावल में लिया श्री कृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराकर मंदिर निर्माण का संकल्प
-हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने मंदिर तोड़कर गर्भगृह स्थल पर मस्जिद बनवाने का इतिहास याद दिलाया, कृष्ण भक्तों को दिलाई शपथ

-अप्रवासी भारतीय श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के बैनर तले देंगे आंदोलन को पैनी धार
-इंडोनेशिया, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, इंग्लैंड समेत कई देशों के कृष्ण भक्तों ने संभाली जिम्मेदारी
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की तैयारी है। इस दिशा में इस्कॉन से जुड़े विदेशी कृष्ण भक्तों और अप्रवासी भारतीयों को हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने रावल में श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराकर मूल गर्भगृह स्थल पर भव्य मंदिर निर्माण कराने का संकल्प भी दिलाया। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के बैनर तले आंदोलन को विश्वव्यापी स्वरूप देने की रणनीति पर काम शुरू हो गया है।
इंडोनेशिया, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, इंग्लैंड समेत कई देशों में रहने वाले कृष्ण भक्त इस अभियान को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने रावल में जुटे विदेशी कृष्ण भक्तों और अप्रवासी भारतीयों को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के इतिहास और मंदिर तोड़कर मूल गर्भगृह स्थल पर मस्जिद बनाए जाने के प्रकरण से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों की जानकारी दी। उन्होंने सभी कृष्ण भक्तों को
श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने और मूल गर्भगृह स्थल पर भव्य मंदिर निर्माण के लक्ष्य के लिए संकल्पित होकर कार्य करने की शपथ भी दिलाई। इस दौरान आंदोलन के उद्देश्य, न्यायालय में चल रहे मुकदमों और मंदिर निर्माण की मांग से जुड़े पक्षों को विस्तार से रखा गया।
इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया, मलेशिया, अमेरिका, कनाडा, इंग्लैंड, नार्वे, स्वीडन और ऑस्ट्रिया समेत विभिन्न देशों में रहने वाले अप्रवासी भारतीय और कृष्ण भक्त इस अभियान से जुड़ रहे हैं। इनमें से बड़ी संख्या में कृष्ण भक्त इन दिनों मथुरा-वृंदावन पहुंचे हुए हैं। बैठकों और विचार-विमर्श के दौरान आंदोलन को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने, विभिन्न देशों में जनसंवाद स्थापित करने और डिजिटल माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने की रणनीति पर सहमति बनी है।
इंटरनेट प्लेटफार्म से दुनिया भर में पहुंचेंगे ऐतिहासिक तथ्य

आंदोलन की आगामी रणनीति में इंटरनेट और सोशल मीडिया को प्रमुख माध्यम बनाया जाएगा। योजना के तहत विभिन्न देशों में रहने वाले हिंदुओं तक श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेज, धार्मिक मान्यताएं, न्यायालय में चल रहे मुकदमों और हिंदू पक्ष के दावों को प्रमाणों के साथ पहुंचाया जाएगा। न्यास का प्रयास है कि विदेशों में रहने वाले भारतीयों और हिंदू समाज को इस प्रकरण की पूरी जानकारी मिले तथा नई पीढ़ी भी इससे जुड़े तथ्यों से परिचित हो।
जेन-जी पर रहेगा विशेष फोकस
अंतरराष्ट्रीय अभियान में जेन-जी यानी युवा पीढ़ी को विशेष रूप से केंद्र में रखा गया है। विदेशी कृष्ण भक्त विभिन्न इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से युवाओं तक पहुंच बनाएंगे। ऐतिहासिक दस्तावेजों, न्यायिक प्रक्रिया और श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े तथ्यों को डिजिटल माध्यमों से प्रसारित करने की योजना है। न्यास का मानना है कि युवा पीढ़ी की भागीदारी से आंदोलन को वैश्विक स्तर पर संवाद और जनजागरण का व्यापक मंच मिल सकता है।
महेंद्र प्रताप सिंह बोले- विदेशी कृष्ण भक्त दुनिया भर में करेंगे काम
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण में हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने बताया कि विदेशी कृष्ण भक्तों और अप्रवासी भारतीयों के साथ कई दौर की वार्ता हो चुकी है। दुनिया के विभिन्न देशों में रहने वाले कृष्ण भक्त हिंदुत्व को मजबूती देने और श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए न्यास के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के इतिहास और मूल गर्भगृह स्थल पर मंदिर तोड़कर मस्जिद बनाए जाने के विषय को दुनिया भर के हिंदुओं तक पहुंचाने की आवश्यकता है। इस अभियान में इंटरनेट प्लेटफार्म महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विदेशों में रहने वाले कृष्ण भक्त अपने-अपने देशों में जनजागरण और संवाद के माध्यम से आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।
ये रहे मौजूद राधेश्यामनंद स्वामी
ब्रज विलाश प्रभु, राधा रमण स्वामी,
ब्रज भूमि प्रभु और ईष्ट देव प्रभु।








