श्री राधा अष्टमी : 25 लाख राधाकृष्ण भक्तों के स्वागत की तैयारी पूर्ण, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम 

7 जोन और 20 सेक्टरों में बंटा मेला क्षेत्र; 3 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

मथुरा, 17 सितंबर 2026। ब्रज के प्रमुख पर्व श्री राधा अष्टमी को लेकर बरसाना पूरी तरह तैयार है। आगामी 19 सितंबर को विश्व प्रसिद्ध श्री लाडली जी मंदिर में राधारानी का जन्मोत्सव भव्यता और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। श्रीजी के विशेष अभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। लगभग 25 लाख श्रद्धालुओं के बरसाना पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता और दर्शन व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है।

राधाष्टमी मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में ड्यूटी मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी स्तर पर लापरवाही न हो तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले सुनिश्चित कर ली जाएं।

7 जोन और 20 सेक्टरों में सुरक्षा व्यवस्था

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 7 जोन और 20 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। करीब 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें 8 अपर पुलिस अधीक्षक, 38 पुलिस उपाधीक्षक, 75 निरीक्षक, 320 उप निरीक्षक, 68 महिला उप निरीक्षक के साथ पीएसी की दो कंपनी और पीएसी फ्लड की दो प्लाटून शामिल हैं।

{यह भी देखें https://www.instagram.com/reel/DYlkoFNzBwn }

मेला क्षेत्र में 155 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए दो खोया-पाया केंद्र और छह वॉच टावर स्थापित किए गए हैं।

160 विशेष बसें, 50 पार्किंग स्थल

Radha Ashtami 2026: राधा रानी के चरणों में 19 सितंबर को झुकेंगे अनगिनत सिर

लाखों श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए भारी वाहनों का रूट डायवर्जन लागू किया गया है। यूपी रोडवेज की 160 विशेष बसें संचालित होंगी, जबकि 40 बसें रिजर्व रखी गई हैं। प्रत्येक बस पर दो चालक तैनात रहेंगे। बरसाना में अस्थायी बस स्टैंड भी बनाया गया है।

भीड़ नियंत्रण के लिए 38 होल्डिंग एरिया, 50 पार्किंग स्थल, 88 बैरियर, 14 बैरिकेडिंग और सात स्थानों पर जूता-घर बनाए गए हैं।

12 मेडिकल कैंप, प्लास्टिक मुक्त रहेगा मेला

 

श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को देखते हुए मेला क्षेत्र में 12 मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए बाइक एंबुलेंस और एंबुलेंस की व्यवस्था के साथ एंटी-वेनम दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

प्रशासन ने मेले को प्लास्टिक मुक्त रखने पर भी जोर दिया है। भंडारा संचालकों को कूड़ादान रखने और नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

श्री कृष्ण जन्मभूमि शाही ईदगाह मस्जिद केस के हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट

रोशनी से जगमगाएगा बरसाना

राधाष्टमी को लेकर बरसाना की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से ट्रांसफार्मरों और विद्युत पोलों की प्लास्टिक रैपिंग की गई है। एमवीडीए की ओर से फसाड लाइटिंग, वॉल पेंटिंग और कपड़ों की सजावट से बरसाना को आकर्षक रूप दिया गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से भी मिलावटखोरी रोकने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए विशेष पास

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि 19 सितंबर को श्री राधा अष्टमी पर्व बरसाना में दिव्य, भव्य और धूमधाम से मनाया जाएगा। प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना है।

मथुरा में हिंदू और मुस्लिम पक्ष के बीच विवाद की असली वजह भी जाने।

उन्होंने कहा कि बाहरी श्रद्धालुओं के साथ बरसाना के स्थानीय निवासियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। स्थानीय लोगों को श्रीजी के दर्शन में असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से विशेष पास जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी निभाने और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।