इटावा क्रिकेट क्लब ने दिखाया दम, चंडीगढ़ को 5 विकेट से हराया

खेमचंद अग्रवाल शेरगढ़।

मिनी स्टेडियम शेरगढ़ में रविवार को खेले गए रोमांचक क्रिकेट मुकाबले में इटावा क्रिकेट क्लब, इटावा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़ क्रिकेट क्लब, चंडीगढ़ को 5 विकेट से पराजित कर दिया। मैच में इटावा की सधी हुई गेंदबाजी और संतुलित बल्लेबाजी जीत का आधार बनी।

मैच का टॉस प्रमुख सचिव राजू द्वारा कराया गया, जिसमें इटावा क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस का यह निर्णय पूरी तरह सही साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए चंडीगढ़ क्रिकेट क्लब की टीम निर्धारित ओवरों में 99 रन ही बना सकी। इटावा के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और चंडीगढ़ के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

100 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटावा क्रिकेट क्लब की टीम ने संयमित शुरुआत की और धीरे-धीरे रन गति बढ़ाई। टीम ने 14वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इटावा की बल्लेबाजी में आत्मविश्वास और टीमवर्क साफ नजर आया।

मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अनिल चौहान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने गेंदबाजी में भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसके चलते उन्हें बेस्ट बॉलर का पुरस्कार भी मिला। वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए अहम रन बनाने वाले पुष्पेंद्र को बेस्ट बल्लेबाज घोषित किया गया।

इस अवसर पर धीरज तिवारी, पवन हरसाना, महेश राजपूत, नीरज शर्मा (प्रधान प्रतिनिधि), महेश शर्मा, हंसराज शर्मा, जय प्रकाश निषाद, धन्नो मेंबर, आरिफ पठान सहित कई खेलप्रेमी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इटावा क्रिकेट क्लब की इस जीत से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है और टूर्नामेंट में टीम की दावेदारी और मजबूत हुई है।