श्री राधा वैली में ओपन जिम का शुभारंभ, विधायक श्रीकांत शर्मा ने किया उद्घाटन

सुनील अग्रवाल

मथुरा, 27 जून। श्री राधा वैली सेक्टर-5 एवं 6 में शनिवार सुबह ओपन जिम का भव्य उद्घाटन मथुरा-वृंदावन के विधायक एवं पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा ने विधि-विधान के साथ किया। सूर्योदय के समय आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

ओपन जिम की स्थापना विधायक श्रीकांत शर्मा तथा श्री राधा वैली सोसाइटी के सचिव एवं व्यापारी नेता सुनील अग्रवाल के संयुक्त प्रयासों से कराई गई। उद्घाटन के बाद विधायक ने स्वयं जिम का निरीक्षण किया और उपस्थित लोगों से नियमित व्यायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या अच्छे स्वास्थ्य की कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर ओपन जिम जैसी सुविधाएं लोगों को फिट रहने के लिए प्रेरित करती हैं। विशेष बात यह रही कि वह कार्यक्रम स्थल तक साइकिल से पहुंचे और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ फिटनेस का संदेश भी दिया।

सोसाइटी के अध्यक्ष उमेश भरतिया ने सभी अतिथियों एवं निवासियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सोसाइटी के सचिव सुनील अग्रवाल ने किया।

इस अवसर पर एस.डी. शर्मा, डॉ. आर.के. गुप्ता, मानसिंह जादौन, डॉ. शैलेश सिंह, प्रेम कुमार गोयल, अभिषेक गोयल, ए.के. पांडे, दीपक पांडे, अखिल अग्रवाल, कवित चौधरी, कपिल शर्मा, संतोष सारस्वत, हर्ष अग्रवाल, विनोद कौशिक, ऋषि अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, रमेश चौधरी, श्याम सुंदर अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विनोद पांडे सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।