“जिस घर में अंधकार है, वहाँ रोशनी पहुँचाना ही सच्ची ईश्वर सेवा है।”
मथुरा, 13 जुलाई 2025
परम पूज्य संत श्री परमानन्द जी महाराज आज भौतिक रूप में हमारे बीच नहीं हैं, वे गोलोक गमन कर चुके हैं, परंतु उनका सेवा और करुणा का संदेश आज भी जीवित है, और उसी दिव्य प्रेरणा से समाज में उजाला फैलाने का यह प्रयास निरंतर जारी है। अमरीश अग्रवाल, नई दिल्ली, विगत दो वर्षों से कल्याणं करोति, मथुरा के माध्यम से निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन करवा रहे हैं।
उनके इस प्रयास को ‘कल्याणं करोति, मथुरा’ द्वारा संचालित ‘श्रीजी बाबा नेत्र चिकित्सा संस्थान’ और संस्था के महासचिव तथा समर्पित टीम के सदस्यों का सक्रिय सहयोग प्राप्त है, जिसके संयुक्त प्रयास से यह अभियान गरीब, वंचित और वृद्धजनों के जीवन में नई रोषनी लाने का कार्य कर रहा है।
यह निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 10 जुलाई 2025 को प्रारम्भ हुआ था, जिसका समापन आज, 13 जुलाई 2025 को श्रद्धा एवं सेवा भाव के वातावरण में श्रीजी बाबा चिकित्सा संस्थान, गोवर्धन रोड, मथुरा के प्रांगण में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर अमरीश अग्रवाल, नई दिल्ली ने कहा कि कल्याणं करोति, मथुरा वास्तव में एक समर्पित संस्था है, जो निःस्वार्थ भाव से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक नेत्र चिकित्सा सेवाएँ पहुँचाने का कार्य कर रही है। ‘कल्याणं करोति नेत्र चिकित्सा संस्थान’ नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में जो उत्कृष्ट सेवाएँ दे रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है। यहाँ के डॉक्टर, महासचिव और पूरी टीम जिस सेवा भावना, विनम्रता और मानवता से कार्य कर रही है, वह हम सभी के लिए प्रेरणा है। यह देखकर संतोष होता है कि संस्था द्वारा गाँव-गाँव जाकर भी नेत्र रोगियों की जाँच और ऑपरेशन की व्यवस्था की जा रही है। मैं समझता हूँ कि आज समाज को ऐसी ही संस्थाओं की आवश्यकता है, जो बिना भेदभाव के हर जरूरतमंद तक रोशनी पहुँचाने का काम कर रही हैं। मेरा यह सहयोग तो एक प्रयास भर है, असली कार्य तो कल्याणं करोति नेत्र चिकित्सालय और इसकी समर्पित टीम कर रही है। मैं सभी से अपील करता हूँ कि वे आगे आकर इस सेवा कार्य में सहभागी बनें ताकि हम समाज में अंधकार को दूर कर अधिक से अधिक लोगों की आँखों में रोशनी ला सकें।
संस्था के महासचिव सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि शिविर में मथुरा सहित आस-पास के क्षेत्रों से आए कुल 396 नेत्र रोगियों का परीक्षण किया गया, जिनमें से 101 रोगियों के निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन संपन्न हुए। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दौरान मरीजों को पूरी तरह निःशुल्क सुविधा प्रदान की गई, जिसमें दवा, चश्मा, भोजन, बिस्तर की व्यवस्था शामिल रही।
कार्यक्रम का संचालन श्री निरूपम भार्गव ने किया।
इस अवसर पर स्पर्श अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, डॉ0 अंजूबाला अग्रवाल, डॉ0 मधुवाला गर्ग, कौषल किषोर अदलक्खा, लोकेश मदान, सात्विक उपाध्याय, हिर्देश कुमार शर्मा आदि उपस्थित रहे।








