जयंत चौधरी बोले, राष्ट्रीय लोकदल अभी सरकार में शामिल नहीं

  • जयंत ने एनडीए में शामिल होने से किया अभी इंकार
    – धनगर समाज के अनुसुचित जाति प्रमाण पत्र जारी न किए जाने की निंदा
    मयूर प्रभात, मथुरा। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने रविवार को मथुरा में एनडीए सरकार में अभी तक शामिल होने की सभी अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि अखबारों में जो कुछ लिखा जा रहा है वह सत्य नहीं है। जयंत चौधरी  के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके अगले कदम को लेकर तरह तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
    मथुरा में कलक्ट्रेट के पास वट वृक्ष के नीचे 122 दिन से धरने पर बैठे धनगर समाज के आंदोलन में शामिल होने के लिए मथुरा आए राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद जयंत चौधरी के एनडीए में शामिल होने की चर्चाएं, उस समय तेज हो गई थीं, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने की घोषणा की थी। उस समय राजनीतिक गलियारों में जयंत के एनडीए में शामिल होने और समाजवादी पार्टी से रिश्ता तोड़ने को लेकर चर्चाएं होने लगी थीं, इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर भी आम लोगों में बहस छिड गई थी कि जाट समाज में अपनी मजबूत पकड रखने वाले जयंत चौधरी के भाजपा में शामिल होने से आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेष में सभी सीटों पर जीतने की स्थिति में होगी। मगर, आज रविवार को जयंत चौधरी ने एनडीए में अभी तक शामिल न होने की स्पष्ट घोषणा की है। इससे पहले उन्होंने कहा कि मथुरा की जनता ने उनके बाबा स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह और पिता स्वर्गीय अजीत सिंह को बहुत प्यार दिया है, वही प्यार मथुरा की जनता से उनको मिला है।
    उन्होंने कहा राज्यसभा सांसद पूरे उत्तर प्रदेश का होता है मगर वह पहले मथुरा के सांसद हैं। मथुरा की जनता की समस्या के निस्तारण कराना उनका पहला दायित्व है। धनगर समाज के आन्दोलन को लेकर उन्होंने कहा कि एक जनवरी, 2009 को चौधरी अजीत सिंह ने इसी जगह सड़क पर आन्दोलन किया था। और धनगर समाज को उसका हक दिलवाया। आज धनगर समाज विभिन्न न्यायालयों में अपने हक की लड़ाई लड़ रहा है। महीनों से यहां धरने पर बैठा हुआ है। उसके बाद भी उनको अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं। वह इसकी निन्दा करते हैं, और उन्होंने धनगर समाज को यह भी भरोसा दिलाया कि लखनऊ में बैठे लोगों से वह इस प्रकरण को लेकर बातचीत करेंगे, और धनगर समाज को उसका हक दिलवाने के लिए सदैव उसके साथ खड़े रहेंगे। इस मौके पर विधायक गुड्डू, जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह भरंगर, पूर्व सांसद सरिता सिंह, डा. अषोक अग्रवाल, कुंवर नरेद्र सिंह, अधिवक्ता नरेन्द्र सिंह, प्रीतम प्रधान, सुरेष भगतजी, उमेष चौधरी, धीरज चौधरी, युवा जिलाध्यक्ष अमित गुर्जर, रामरस पाल पौनियां, चेतन मलिक सहित रालोद के नेता भी उपस्थित रहे।