प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा का आयोजन
मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मथुरा जनपद ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे के नेतृत्व में जिले की मथुरा, छाता और मांट विधानसभा क्षेत्रों के कुल 1320 बूथों पर 17 सितंबर की शाम 2.64 लाख दीप एक साथ प्रज्वलित किए जाएंगे।

अभियान को लेकर सोमवार को जिले के सभी मंडलों में बूथ अध्यक्षों के नेतृत्व में बूथ कार्यसमिति की बैठकें आयोजित की गईं। प्रत्येक बूथ पर 200 दीप जलाने की जिम्मेदारी तय की गई है। इनमें 50 दीप लाभार्थी परिवारों के घर, 50 दीप मंदिर अथवा सार्वजनिक स्थल पर सामूहिक रूप से तथा 100 दीप बूथ समिति के 10 कार्यकर्ताओं के घरों पर जलाए जाएंगे।
जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे ने कहा कि ब्रज की धरती से 2.64 लाख दीपों का प्रकाश सेवा का संदेश देगा। कार्यक्रम में शामिल कार्यकर्ता नमो ऐप पर दीप प्रज्वलन की तस्वीरें भी अपलोड करेंगे।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी की राजनीतिक यात्रा शुरू हुई थी, जो अब 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के पड़ाव तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस अवसर को सेवा और समर्पण के रूप में मना रहे हैं।
जिला संयोजक अनिल चौधरी ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इसके तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण और लाभार्थी संपर्क सहित 13 प्रकार के कार्यक्रम प्रत्येक मंडल में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी 1320 बूथों पर संगठन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बैठकों में मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और शक्ति केंद्र संयोजक सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।








