पीएम मोदी के जन्मदिवस पर जिला अस्पताल में फल वितरण से लेकर 290 यूनिट रक्तदान तक आयोजन, 3.50 लाख परिवारों के घरों में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को मथुरा में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए और उनका कुशलक्षेम जाना। इसके बाद उन्होंने मसानी स्थित बृजवासी ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया।
जिला अस्पताल में महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज अग्रवाल, प्रभारी चिकित्सक डॉ. सिद्धार्थ सहित अधिकारी मौजूद रहे। बृजवासी ब्लड बैंक में भी महानगर अध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी तथा डिप्टी सीएमओ डॉ. भूदेव सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
छह स्थानों पर रक्तदान शिविर, 290 यूनिट रक्त एकत्र
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में छह स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन, कोसीकलां, नौहझील, बृजवासी ब्लड बैंक और सद्भावना ब्लड बैंक में आयोजित शिविरों में कुल 290 यूनिट रक्तदान हुआ।
बृजवासी ब्लड बैंक में 76, कोसीकलां सीएचसी में 30, नौहझील में 24, गोवर्धन में 36, जिला अस्पताल में पांच, न्यायालय परिसर में 35 तथा सद्भावना ब्लड बैंक में 84 यूनिट रक्तदान दर्ज किया गया। नौहझील में विधायक मांट राजेश चौधरी और गोवर्धन में विधायक मेघश्याम सिंह ने भी रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया।
विश्वकर्मा जयंती पर लाभार्थियों को टूलकिट और चेक
कलेक्ट्रेट सभागार में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को टूलकिट एवं चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में सांसद तेजवीर सिंह, विधायक बलदेव पूरन प्रकाश, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता मौजूद रहीं।
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया। जिला स्तर पर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत दर्जी ट्रेड के 50 और हलवाई ट्रेड के 25 लाभार्थियों को टूलकिट दी गई। मुख्यमंत्री युवा योजना के पांच लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से चेक वितरित किए गए। उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं से कुल 200 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
श्रम विभाग की योजनाओं के तहत कन्या विवाह सहायता योजना, मातृत्व एवं शिशु हितलाभ योजना तथा मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के लाभार्थियों को भी स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
राज्यमंत्री संदीप सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, यातायात, सुरक्षा, बैठने और आयोजन स्थलों पर अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। अभियान के उद्देश्यों और निर्धारित गतिविधियों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ थीम पर जिलेभर में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के अनुसार लगभग 3.50 लाख परिवारों द्वारा शाम सात बजे अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाने की योजना है।
राजा घाट, विश्राम घाट, केशी घाट, गीता शोध संस्थान वृंदावन, अटल चौक, श्रीकृष्ण कुंड महोली, एसटीपी मसानी, चंद्रपुरी मंदिर, शांतनु कुंड, झाड़ी वाले हनुमान जी, लक्ष्मी जी मंदिर बेलवन, यक्ष कुंड परखम, बहुलावन बाटी, मंसा देवी ओढम, गोवर्धन मल्टीलेवल पार्किंग, राधाकुंड-कृष्णकुंड संगम, गोकुल बैराज के निकट एसटीपी, गौमती सरोवर कोसी, ठकुरानी घाट गोकुल, पावन सरोवर नंदगांव और राल गौशाला सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
1320 बूथों पर 2.64 लाख दीयों से भाजपा का दीपोत्सव
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा मथुरा ने भी जिलेभर में दीपोत्सव का आयोजन किया। जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे के नेतृत्व और मार्गदर्शन में छाता, मांट और बलदेव विधानसभा क्षेत्रों के 1320 बूथों पर करीब 2.64 लाख दीये जलाए गए।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी के अनुसार कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को स्मरण किया गया। जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे ने कहा कि ब्रज के बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं ने आयोजन में सहभागिता की और प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प की सफलता की कामना की।