रालोद मुखिया जयंत चौधरी बताएंगे मुख्यमंत्री योगी को धनगर समाज का दर्द

राहुल आंधोपिया, मथुराः

पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने के बाद भाजपा के करीब आए राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी अब मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को जिले के धनगर समाज का दर्द बताएंगे। इससे पहले वह उनका दर्द सुनने को पार्टी विधायकों के साथ 25 फरवरी को मथुरा आएंगे। रालोद नेता ने धनगर समाज के प्रतिनिधि मंडल को इसका आश्वासन दिया है। पार्टी मुखिया के कार्यक्रम को लेकर स्थानीय नेताओं ने इसके लिए अपने राजनीतिक धरातल को मजबूत करने का कार्य शुरू कर दिया है।
आंधी-तूफान, वर्षा और जाड़े की मार झेलकर एसएसपी कैंप कार्यालय के करीब वरगद के पेड़ के नीचे 118 दिनों से बैठा धनगर समाज जिलाधिकारी से अनुसूचित जाति के प्रमण पत्र तहसील कार्यालयों से जारी कराए जाने की मांग कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी समाज के लोगों ने पत्र लिखे हैं। कई बार अपनी मांग को लेकर इस दौरान समाज के लोगों ने डीएम कार्यालय पर शक्ति प्रदर्शन भी किया है, पर उनकी न डीएम ने कोई सुनवाई की और न योगी सरकार से उनको अभी तक कोई राहत भरी खबर मिल पाई है। हाल ही धनगर समाज के एक प्रतिनिधि मंडल ने रालोद मुखिया जयंत चौधरी के समक्ष अपनी मांग को रखते हुए उनका समर्थन मांगा। इससे पहले भी वर्ष 2009 में जयंत चौधरी के पिता स्व. अजित सिंह ने भी सड़कों पर उतर धनगर समाज की मांगों को लेकर आंदोलन किया था। अब जयंत चौधरी धनगर समाज की आवाज बनाकर 25 फरवरी को मथुरा आ रहे है। युवा रालोद के ब्रज क्षेत्रीय अध्यक्ष उमेश चौधरी ने बताया, पार्टी विधायक चंदन चैहान, राजपाल बल्यिान, अनिल कुमार, मदन भैया, अशरफ अली, गुलाम मोहम्मद, अजय कुमार, प्रसन्ना चौधरी और प्रदीप कुमार गुड्डू भी आ रहे है। अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र जारी किए जाने की मांग को लेकर 118 दिन से धरने पर बैठे धनगर समाज के लोगों से मिलने के लिए धरना स्थल पर जाएंगे। वार्ता के बाद जयंत चौधरी धनगर समाज की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात करने के लिए लखनऊ जाएंगे। दूसरी तरफ पार्टी सूत्रों ने बताया, जयंत चौधरी की मुख्यमंत्री से 27 और 28 फरवरी को मीटिंग होगी। इसी दौरान जयंत चौधरी धनगर समाज की मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। इधर माना यह जा रहा है कि मुख्यमंत्री कार्यालय से धनगर समाज के जल्द ही कोई न कोई राहत भरी खबर भी मिल जाएगी।