भाजपा का मास्टर स्ट्रोक, भारत रत्न से साधेंगे जाट और किसान

बदल जाएगी पश्चिम की राजनीति की हवा

हरियाणा में भी मिलेगा लाभ, किसान संगठनों को लगा झटका

मनोज चौधरी, मथुरा

लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने शतरंज की बिसात पर गोटियां फिट करना शुरू कर दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने की घोषणा करके मोदी सरकार ने नाराज किसान और जाटों को साधने का काम किया है । राजनीतिक दृष्टिकोण से केसरिया खेमे की ओर से भारत रत्न की आड़ में एक तीर से कई निशाने साधे गए हैं। जयंत चौधरी को राजग खेमे में आने को लुभाया गया है तो जाट और किसानों ने के लिए खुद को भाजपा ने बड़ा हिमायती साबित करने का भी प्रयास किया है। बीते साल देश में दो आंदोलन केंद्र सरकार के गले की फांस बने थे। किसानों का आंदोलन तो लंबा चला, तमाम किसानों की मौत भी हुई। इसके बाद पहलवानों का आंदोलन तो भाजपा के गले की फांस बना था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव, हरित क्रांति के जनक डॉक्टर एमएस स्वामीनाथन और किसानों के मसीहा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न प्रदान करने की घोषणा कर लोकसभा 2024 चुनाव में 400 सीट जीतने के लक्ष्य को लेकर ऐन वक्त पर मास्टर स्ट्रोक खेला है।

 

बीते साल भारतीय किसान यूनियन के राकेश टिकैत की अगुवाई में कई महीनों तक किसान संगठन मोदी सरकार के द्वारा लाए गए तीन बिलों के खिलाफ देश की राजधानी की सीमा पर धरना देकर बैठे रहे। लाल किले पर भी प्रदर्शन किया गया। केंद्र सरकार के बैकफुट पर आने के बाद ही किसान संगठनों ने धरना समाप्त किया और अभी भी किसान संगठन न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे है। राकेश टिकैत ने 16 फरवरी को भारत बंद का एलान कर दिया है। किसान संगठनों को रालोद मुखिया जयंत चौधरी का भी समर्थन है, पर भाजपा ने जयंत चौधरी को अपने पाले में लाने के लिए यह बड़ा दांव खेला है। इससे किसान संगठन के नेताओं को भी तगड़ा झटका लगा है। जयंत चौधरी के भाजपा गठबंधन के साथ आने से पश्चिम की राजनीति की हवा ही बदल जाएगी। जाट समुदाय में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाले रालोद के सहारे भाजपा जाट वोट बैंक का भी लाभ उठाने में सफल हो जाएगी। साथ ही दो दर्जन से अधिक सीटों पर सीधे तौर पर भाजपा को टक्कर देने वाली रालोद भाजपा के उम्मीदवारों की जीत के फासले को भी बढ़ाएगी। यूपी के साथ भाजपा  को हरियाणा में भी मजबूती मिलेगी।

 

-मुख्यमंत्री ने बताया चौधरी साहब को लोकतंत्र का सच्चा साधक

प्रधानमंत्री के निर्णय को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने  कहा कि जननेता, किसानों के मसीहा, गांवों, अन्नदाता किसानों, शोषितों एवं वंचितों के उत्थान के लिए आजीवन समर्पित रहने वाले पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को ‘भारत रत्न प्रदान करने की घोषणा को एक्स पर की टिप्पणी में अभिनंदनीय है। इसके साथ ही  चौधरी साहब सच्चे अर्थों में लोकतंत्र के साधक बताया।