युवा संसद की सफलता को रालोद नेताओं ने डाला मथुरा में डेरा

-चार फरवरी को यमुना एक्सप्रेस वे के राया कट के पास स्थल का हुआ चयन
मथुरा : आम लोकसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोकदल अपनी राजीनीतिक धरातल को ठोस आधार देने में जुटा हुआ है। इसके केंद्र में युवा वर्ग को रखा गया है। मेरठ के बाद अब युवा संसद का आयोजन मथुरा में किया जाएगा। इसके लिए यमुना एक्सप्रेस वे के राया कट पर बुधवार को स्थान का चयन किया गया है। चार फरवरी को होने वाली युवा संसद की सफलता को रालोद के नेताओं ने मथुरा में डेरा डाल रखा है।
राष्ट्रीय लोकदल और समाजवादी पार्टी मिलकर आम लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरेंगी। दोनों के बीच लगभग सीटों का बंटवारा भी हो चुका है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लोकसभा को अधिकांश सीट रालोद के हिस्से आईं हैं। रालोद अपने हिस्से की सभी सीटों पर अपनी विजय सुनिश्चित करने के लिए अपनी राजनीतिक जमीन को मजबूत करने में जुटा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहले से ही राजनीतिक दृष्टिकोंण से रालोद का अपना वर्चस्व है। पिछले विधानसभा चुनाव में रालोद ने अपने खोई हुई राजनीतिक ताकत को प्राप्त करने में सफलता हासिल की है। अब इसी ताकत के साथ रालोद सपा के साथ में मिलकर आम लोकसभा चुनाव में उतरने जा रहा है। इस बार पार्टी मुखिया राज्य सभा सदस्य जयंत चौधरी युवा वर्ग से सीधे संवाद कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह भरंगर ने बताया कि युवाओं से सीधे संवाद के लिए चार फरवरी को युवा संसद का आयोजन यमुना एक्सप्रेस वे के राया कट के समीप होगा। स्थल चयन कर लिया गया है। पंडाल निर्माण का कार्य भी जल्द आरंभ हो जाएगा। युवा जिलाध्यक्ष अमित कुमार गुर्जर ने बताया कि इसमें अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी कराने के लिए शहर, कस्बा और ग्रमीण क्षेत्रों में युवाओं से लगातार संपर्क किया जा रहा है। श्री भरंगर ने बताया कि आज विधायक चंदन सिंह चौहान, पूर्व मंत्री कुलदीप उज्ज्वल, योगेश नौहवार, उमेश चौधरी, करतार सिंह तोमर और गौरव तोमर के साथ कार्यक्रम स्थल को देखा गया।।








