सीमाओं पर अपराधियों को रोकने का तीन राज्यों की पुलिस ने बनाया संयुक्त ब्लूप्रिंट

लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में हुई तीन राज्यों की बैठक में शामिल पुलिस अधिकारी

-आगरा, अलीगढ़, भरतपुर, डींग और पलवल जिले के पुलिस अधिकारियों ने लिया हिस्सा
-अपराधियों को सीमा पार करने से पहले ही दबोचने की रणनीति पर हुआ मंथन
मथुरा, आगामी सामान्य लोकसभा निर्वाचन 2024 में कोई अपराधी खलल नहीं डाल पाए। सीमापार से मादक पदार्थ और हथियारों की तस्करी को रोकने, अपराध कर एक जिले से दूसरे जिले की सीमा में प्रवेश कर खुद को सुरक्षित करने वाले अपराधियों की त्वरित गिरफ्तार करने पर उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रणनीति तय की है। मथुरा से सटे प्रदेश के अलीगढ़, आगरा, राजस्थान के डींग भरतपुर और हरियाणा के पलवल जिले पुलिस अधिकारी की हुई बैठक में सूचनाओं का आदान-प्रदान करने और उन पर त्वरित कार्रवाई किए जाने पर भी सहमति बनी है। अपराधियों के खिलाफ एक साथ तीनों राज्यों की पुलिस अभियान चलाकर उनको सलाखों के पीछे भेजने का कार्य करेंगी। तीनों राज्यों की सीमा पर संयुक्त रूप से निगरानी किए जाने की भी नीति तय की गई।
मथुरा की सीमा राजस्थान के भरतपुर, डींग, हरियाणा के पलवल और प्रदेश के अलीगढ़ और आगरा से सटी है। चुनाव के दौरान सीमापार से मादक पदार्थ और हथियार तस्कर अधिक सक्रिय हो जाते हैं। वह सीमा पार से नशीले पदार्थ और हथियार की खेप एक जिले से दूसरे जिलों में पहुंचाते हैं। गुंडा-मबालियों का मूवमेंट बढ़ जाता है। अपराधी आपराधिक घटना को अंजाम देकर सीमा पार कर दूसरे जिलों में जाकर शरण लेते है। इन पर नियंत्रण करने के लिए तीनों राज्यों के सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में एक दूसरे जिलों के अधिकारियों को सूचनाओं का अदान-प्रदान करने और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करने पर भी सहमति बनी। बैठक में इस पर भी चर्चा हुई कि मथुरा, आगरा, अलीगढ़, भरतपुर, डींग और पलवल क्षेत्र के सक्रिय अपराधियों की सूची का भी आदान-प्रदान किया जाए। इनामी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक साथ अभियान चलाया जाए। पुलिस अधिकारियों ने बताया, जब पुलिस अपराधियों की धरपकड़ को एक साथ अभियान चलाती है, जब वह बचने के लिए एक जिले से दूसरे जिले में जाकर छिप जाते हैं। इस स्थिति में उनकी गिरफ्तार नहीं हो पाती है। इसलिए सभी जिलों में इसको लेकर सतर्कता बरती जाए और एक साथ ही अभियान चलाएं जाएं। बैठक में आगरा जोन की अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ, अपर पुलिस महानिदेशक भरतपुर, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार, अलीगढ़ जोन के पुलिस महानिरीक्षक शलभ माथुर, आगरा के पुलिस आयुक्त रविंद्र गौड़, पुलिस अधीक्षक भरतपुर, पुलिस अधीक्षक डींग, पुलिस अधीक्षक पलवल और पुलिस अधीक्षक नूंह समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए।
– आगामी लोकसभा चुनावों को सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए आज अंतरराज्यीय सीमावर्ती पुलिस अधिकारियों की बैठक हुईं। इसमें कई मुद्दों पर मंथन किया गया।-शैलेश कुमार पांडेय, एसएसपी