क्रांति की धरती से जयंत का फिर एक और क्रांति का शंखनाद

मेरठ में हुई युवा संसद में रालोद, सपा, सीपीआई, एनसीपी समेत अन्य संगठनों के नेता



  1. मथुरा में नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्षों को दायित्व सौंपते जिलाध्यक्ष राजपाल भरंगर

क्रांति की धरती से जयंत का फिर एक और क्रांति का शंखनाद
-मेरठ में रालोद ने बुलाई युवा संसद, सपा, एनसीपी, सीपीआई और आरजेडी के युवा नेताओं ने युवा वर्ग को किया आगाह
-मथुरा में जिलाध्यक्ष ने कोसीकलां नगर पालिका समेत तेरह नगर पंचायतों की सौंपी जिम्मेदारी
-समरसता अभियान के संग ही संगठन में युवाओं को शामिल करने पर दिया गया बल

मथुरा

रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने क्रांति की धरती मेरठ से एक फिर से राजनीति में नई क्रांति लाने का शंखनाद किया। इसके केंद्र में युवाओं को रखा गया। रविवार को हुई रालोद की युवा संसद में सपा, एनसीपी, सीपीआई, आरजेडी के युवा नेताओं ने भी हिस्सा लिया। युवा कल्याण को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह द्वारा किए गए कार्याें की जानकारी दी गई और साथ ही उनको भविष्य को लेकर भी आगाह किया गया। इधर, मथुरा में भी जिलाध्यक्ष ने कोसीकलां नगर पालिका समेत तेरह नगर पंचायतों के अध्यक्षों को प्रमाण पत्र देते हुए आगामी लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक किसान, मजदूर, व्यापारी, युवा समेत समाज के सभी वर्गाें को संगठन से जोड़ने को कहा गया है।
हाल ही में पुलिस भर्ती में आयु सीमा में छूट दिए जाने की मांग को लेकर युवा रालोद ने उत्तर प्रदेश में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे थे। इसके बाद ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस भर्ती में आयु सीमा में छूट दिए जाने की घोषणा की, पर साथ ही यह भी कहा था कि, भाजपा विधायकों ने उनको इस संबंध में पत्र लिखे थे। पर, रालोद इसी आंदोलन के जरिए युवा वर्ग को अपने साथ खड़ा करने की पूरी कोशिश में जुट गया है। इसी नीति के तहत रालोद ने युवाओं की एक संसद मेरठ में बुलाई। जिसमें बड़ी संख्या में युवा वर्ग ने हिस्सा लिया। रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह ने युवा वर्ग के हित में किए गए कार्याें की जानकारी देते हुए पार्टी की नीतियों को युवाओं के सामने रखा। सपा विधायक रागिनी सोनकर, रालोद विधायक चंदन चौहान, एनसीपी के युवा नेता धीरज शर्मा, सपा युवजन सभा के मोहम्मद आहद, सीपीआई के युवा नेता सौरभ, आरजेडी के युवा नेता राजेश यादव, छात्र नेता राजीव बालियान, अंबुज पटेल और हल्ला बोल सामाजिक संगठन के अध्यक्ष अनुपम कुमार ने युवाओं को चेताया और गठबंधन की सरकार बनने पर युवाओं के लिए किए जाने वाले कार्याें की और भी इशारा किया। रालोद के वरिष्ठ नेता वीरपाल मलिक ने बताया, युवा संसद में युवाओं को उनके हित और भविष्य को लेकर आगाह किया गया और कहा कि भाजपा के शासन काल में युवा वर्ग को रोजगार के लिए तरस गया। गठबंधन की सरकार बनने पर युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खोल दिए जाएंगे। मथुरा के जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह भरंगर ने नगर पालिका कोसीकलां समेत तेरह नगर पंचायतों के अध्यक्षों को उनके दायित्व भी सौंपे। वरिष्ठ नेता डा. अशोक अग्रवाल, योगेश नौहवार भी इस मौके पर मौजूद रहे। रालोद नेताओं ने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में गठबंधन का प्रत्याशी मथुरा लोकसभा से अपनी जीत सुनिश्चित करेगा। भाजपा ने समाज के हर वर्ग के साथ छल किया है। रालोद नेताओं ने कहा कि समरसता अभियान के साथ-साथ सभी वर्गाें के युवाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा।