-नगर निगम के अधिकारियों ने दिया पोल उखड़वाने का आश्वासन
मथुरा : रिलायंस जियो कंपनी होली गेट के अंदर इंटरनेट कनेक्शन के लिए लगा रही पोल के कार्य को व्यापारियों ने रुकवा दिया। ये पोल आवागमन को प्रभावित करने के साथ ही दुकानों के आगे गाड़ दिए गए थे। इससे उनको अड़चन हो रही थी।
छत्ता बाजार व्यवसायी समिति ने इसका विरोध करते हुए दोपहर में सभी बाजार बंद कर दिए। बाजार में व्यापारियों ने जुलूस निकालकर कर रिलायंस जियो की इंटरनेट की पोल के ऊपर होकर जा रही फाइबर की लाइन के कार्य को रोकने की मांग की। आक्रोशित व्यापरियों ने बाजार में गाड़े गए पोल को उखाड़ने की भी कोशिश की। प्रदर्शन के बाद व्यापारी बाजार में धरने पर बैठ गए। इससे यातायात प्रभावित हो गया। करीब दो घन्टे तक चले प्रदर्शन की खबर लगने पर नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कंपनी ने लगाए गए पोल से हो रही परेशानी की जानकारी दी और इनको उखाड़ कर कार्य बंद करने की मांग करते हुए व्यापारी नेता अजय चतुर्वेदी ने बताया कि होली गेट के अंदर पहले से ही मार्ग संकरा है। बिजली की लाइन से व्यापारी पहले से ही परेशान हैं। अब नई लाइन डाले जाने से समस्या और बढ़ जाएगी। नगर निगम के अधिकारियों ने पोल लगाने के कार्य को बंद करा दिया और लगाए गए सभी पोल को भी उखड़वाने का भरोसा दिलाया। उसके बाद ही व्यापरियों ने अपना आंदोलन खत्म किया। इस दौरान यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई और होली गेट के अंदर जाम के हालात पैदा हो गए। इस दौरान कोतवाली पुलिस भी मौजूद रही।