एडीज एजिप्टी मच्छर के डंक से छह को हुआ डेंगू

– अब तक जिले में मिले 56 रोगी
Aaditya mangal news

: एडीज एजिप्टी मच्छर के डंक ने स्वास्थ्य विभाग की रातों की नींद गायब कर दी है। पहला केस अगस्त में सामने आया था। बुखार के मरीज की जांच से डेंगू की जानकारी मिली थी। शुक्रवार को जिले में अलग-अलग स्थानों में आधा दर्जन लोग डेंगू से संक्रमित पाए गए। अब तक इस बीमारी की चपेट में 56 लोग आ चुके है। करीब एक दर्जन रोगियों की स्थिति चिंताजनक है।
वर्ष 2020-21 में डेंगू बुखार ने जिले भर में कहर बरपाया था। वर्ष 2021-22 में डेंगू बुखार का प्रकोप कम रहा। इस बार फिर डेंगू बुखार तेजी से फै ल रहा है। एक ही दिन में अलग-अलग स्थानों पर छह रोगियों के मिलने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। डेंगू बुखार से पीडि़तों की संख्या 50 से बढ़कर 56 हो गई है। जल निकासी की जिले में कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई है। इसलिए बारिश में हर बार ठहरा हुआ पानी रोग फैलाने वाले मच्छरों का प्रजनन केंद्र बनता चला जा रहा है। एसीएमओ डा. भूदेव सिंह ने बताया कि इन दिनों डेंगू बुखार के लक्षण मिलने से स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रभावित क्षेत्रों में कीटनाशक दवा का छिड़काव करवा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को इस समय अत्याधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है। वह अपने घरों के आसपास पानी का ठहराव न होने दे। बुखार आने पर तत्काल चिकित्सक को दिखाए। उन्होंने बताया कि डेंगू के संक्रमण से कभी-कभी प्लेटलेटस कम हो जाती है। नाक, मुंह और कान से खून आना शुरू हो जाता है। ऐसी स्थिति में तत्काल चिकित्सक की सलाह लेकर उचित उपचार कराएं।