आदित्य मंगल न्यूज, मथुरा
रेलवे मिनिस्टर से अपने तालुकात बता कर

रिटायर उपनिरीक्षक से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले को थाना हाईवे पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। उपनिरीक्षक से उनके बेटे की रेलवे में नौकरी लगवाने का आश्वासन देकर पांच लाख रुपये हड़प लिए थे। फर्जी ट्रेनिंग भी कराई थी।
सौंख रोड स्थित दुर्गापुरी निवासी रिटायर उपनिरीक्षक राधाचरण ने न्यायालय के आदेश पर थाना हाईवे में चंदनवन निवासीगण हरीश और हर्ष उर्फ गोलू के विरुद्ध मुकदमा दायर कराया। दोनों ने राधाचरण को आश्वासन दिया था कि उनके रेलवे मिनिस्टर से गहरे तालुकात है। वह उनके बेटे की रेलवे में नौकरी लगवा देंगे। तीन बार मे साढ़े पांच लाख रुपये ले लिए। इसके बाद हैदराबाद, छपरा और गोरखपुर में फर्जी ट्रेंनिग कराई। उसके बाद फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दे दिया। मगर, कोरोना काल का कारण बता कर उनके बेटे को ड्यूटी पर बाद में बुलाने की कहकर समय गुजार दिया। मुकदमा दायर होने के बाद पुलिस ने एक आरोपी हरीश को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी उमेश चन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।








