मथुरा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर को मथुरा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी। जिले के करीब साढ़े तीन लाख लाभार्थी परिवार शाम सात बजे अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे। वहीं घाटों, मंदिरों, चौराहों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित होंगे। पूरे जिले में करीब पांच लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान को लेकर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अधिकारियों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। अभियान में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ युवा, महिला, किसान और वंचित वर्ग को जोड़ा जाएगा।
बंगाली घाट से विश्राम घाट तक दीप प्रज्ज्वलन के साथ गीता शोध संस्थान वृंदावन, श्री राधारानी मंदिर मांट, गोवर्धन, नंदगांव, बरसाना, गोकुल और ब्रह्मांड घाट समेत प्रमुख स्थलों पर कार्यक्रम होंगे। राल गौशाला और चंद्रोदय मंदिर में भी विशेष आयोजन होंगे।
अभियान में प्रमुख कार्यक्रम
17 सितंबर — ‘आशीर्वाद का दीया’, पांच लाख दीप प्रज्ज्वलन और श्रमदान
18 सितंबर — वृक्षारोपण
19 सितंबर — रक्तदान शिविर एवं अंगदान संकल्प
20 सितंबर — स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान
21 सितंबर — नशामुक्त भारत अभियान
22 सितंबर — मतदाता जागरूकता अभियान
23 सितंबर — रोजगार मेला एवं कैरियर काउंसलिंग; बीएसए कॉलेज में 108 मीटर व्यास का भारत मंडल, मानव श्रृंखला और रंगोली
24 सितंबर — गौशालाओं में सफाई, गोपूजन और सड़क सुरक्षा जागरूकता
25 सितंबर — डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण, दो हजार बच्चों की काउंसलिंग और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम
26 सितंबर — पिछड़ा वर्ग योजनाओं का प्रचार-प्रसार
28 सितंबर — समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का प्रचार
28 से 30 सितंबर — जिले के 2363 आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद
29 सितंबर — सर्व शिक्षा अभियान
30 सितंबर — वोकल फॉर लोकल
1 अक्टूबर — एनसीसी की उपयोगिता पर कार्यक्रम
3 अक्टूबर — नदी-घाटों की सफाई
5 अक्टूबर — पंचायती राज विभाग के कार्यक्रम
6 अक्टूबर — विशेष स्वच्छता अभियान और मलिन बस्तियों में सफाई
7 अक्टूबर — ग्राम पंचायतों में श्रमदान
8 अक्टूबर — प्रत्येक विधानसभा में कम से कम दो स्थलों का कायाकल्प
9 अक्टूबर — कृषक गोष्ठी
12 अक्टूबर — मत्स्य विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार
13 अक्टूबर — खादी एवं ग्रामोद्योग योजनाओं का प्रचार
15 अक्टूबर — महिला जागरूकता कार्यक्रम
16 अक्टूबर — स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों से संवाद
21 से 27 सितंबर — विकासखंड स्तर पर सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर
17 सितंबर से 7 अक्टूबर — विद्यालयों में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं। इसी दिन विश्वकर्मा टूलकिट वितरण, तहसीलों से पैदल-साइकिल-बाइक रैली और टैंक चौराहा पर अखंड ज्योति स्थापना भी होगी।






