मथुरा/छाता। गोवर्धन-छाता मार्ग स्थित खीर वाली मैया मंदिर के एक साधु पर पर एक महिला ने शारीरिक शोषण और दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायत भेजकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, सात जून 2026 को उसे मंदिर में अखंड युगल नाम संकीर्तन में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि रात करीब 11 बजे गर्मी का हवाला देकर उसे मंदिर की पहली मंजिल स्थित कमरे में ले जाया गया। महिला का आरोप है कि वहां करीब तीन घंटे तक उसे बंधक बनाकर उसके साथ शारीरिक शोषण का प्रयास किया गया।
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि इस दौरान उसे नशीला पदार्थ देने की कोशिश भी की गई। विरोध करने के दौरान पैर में चोट लगने की बात कही गई है। पीड़िता के अनुसार चोट गंभीर होने के कारण बाद में उसका ऑपरेशन भी कराना पड़ा।
महिला का आरोप है कि घटना के बाद उसने मामले की शिकायत उच्च स्तर पर करने का प्रयास किया। उसके अनुसार, छह जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री कार्यालय में भी उसकी शिकायत प्राप्त हुई, लेकिन स्थानीय स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 24 जून को आरोपी के कुछ सहयोगियों ने उसे एक गांव में बुलाया और मामले में समझौता करने तथा शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया।
अब पीड़िता ने 24 अगस्त को मुख्यमंत्री के नाम शिकायत भेजकर पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत 28 अगस्त को प्राप्त होने की जानकारी दी गई है।
मामले में पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा जांच और तथ्यों का सत्यापन किया जाना है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। आरोपी पक्ष का बयान भी अभी सामने नहीं आया है।






