मथुरा में एक महीने तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, 13 कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं को बूथ तक सक्रिय करने की तैयारी
मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के बहाने भाजपा अब मथुरा में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की तैयारी में जुट गई है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में पार्टी प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के राजनीतिक सफर और उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाएगी। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में केंद्र सरकार की योजनाओं तक को अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रमुखता से रखा जाएगा।
भाजपा ने अभियान के लिए 13 प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘जनसेवक महाकुंभ’ जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। पार्टी की रणनीति केवल बड़े आयोजनों तक सीमित रहने के बजाय इन्हें मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचाने की है।
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर आज तक दंगल पंचायत शो से छिड़ गई नई बहस
लाभार्थियों के जरिए जनसंपर्क पर जोर
अभियान में भाजपा की नजर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों पर भी रहेगी। कार्यकर्ताओं को लाभार्थियों के घर पहुंचकर उनसे संपर्क करने और उन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ने की जिम्मेदारी दी जाएगी। पार्टी के अनुसार, ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम इसी जनसंपर्क का प्रमुख माध्यम बनेगा।
विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो कहा, उसे करके दिखाया है। कार्यकर्ताओं को लाभार्थियों के घर जाकर संपर्क करना है और ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास करना है।
मोदी के राजनीतिक सफर को जनता के बीच ले जाने की तैयारी
‘नमो सेवा गाथा’ अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को केंद्र में रखा जाएगा। इसमें गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल की उपलब्धियों के साथ प्रधानमंत्री के रूप में केंद्र सरकार की योजनाओं और कार्यों को भी जनता के सामने रखा जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं के माध्यम से यह सामग्री बूथ स्तर तक पहुंचाने की योजना है।
जिला प्रभारी एवं एमएलसी अशोक कटारिया ने कहा कि मोदी के 25 वर्ष सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र प्रथम के 25 वर्ष हैं। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होने वाले कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाकर मथुरा को ब्रज क्षेत्र में प्रथम स्थान पर लाने का लक्ष्य है।
संगठन के लिए भी अहम होगा अभियान
भाजपा के लिए यह अभियान प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की उपलब्धियों के प्रचार के साथ-साथ संगठन की जमीनी सक्रियता परखने का अवसर भी होगा। एक महीने तक चलने वाले कार्यक्रमों के जरिए मंडल से लेकर बूथ तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की कोशिश की जाएगी।
जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने कहा कि जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ पर सेवा संकल्प अभियान मनाया जाएगा। सभी 13 कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए जिला संयोजक अनिल चौधरी और सह-संयोजक मुदिता गोस्वामी तथा सुरेश तरकर के नेतृत्व में तैयारियां की जा रही हैं।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी के अनुसार, अभियान के तहत जिले के सभी मंडलों और बूथों पर 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न कार्यक्रमों के लिए मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, ब्लॉक प्रमुख सुमन चौधरी समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस तरह भाजपा मथुरा में ‘मोदी के 25 साल’ को सेवा, सुशासन और लाभार्थी संपर्क के साथ जोड़कर एक महीने तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है। अब इसकी असली परीक्षा बूथ स्तर पर होगी कि पार्टी इस अभियान को कितनी मजबूती से घर-घर तक पहुंचा पाती है।