जन्माष्टमी पर जन्मभूमि पहुंचे योगी, चांदी से सजे गर्भगृह में किए ‘लाला’ के दर्शन

 

मुख्यमंत्री के रूप में 20वीं बार श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे योगी आदित्यनाथ, श्रद्धालुओं पर बरसाए फूल

 

योगमाया और केशवदेव मंदिर में भी किया पूजन, विधि-विधान से किया गौ-पूजन

 

उज्जैन से आए कलाकारों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, बढ़ाया उत्साह; ब्रजवासियों को दीं शुभकामनाएं

मथुरा, 4 सितंबर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री के रूप में यह उनका श्रीकृष्ण जन्मभूमि का 20वां दर्शन रहा। जन्मभूमि परिसर पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले विधि-विधान से गौ-पूजन किया। इसके बाद मुख्य गर्भगृह में पहुंचकर बाल स्वरूप में विराजमान भगवान श्रीकृष्ण यानी ‘लाला’ के दर्शन-पूजन किए और प्रदेश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

 

जन्मभूमि परिसर में मुख्यमंत्री के आगमन पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया। जन्माष्टमी के विशेष अवसर पर मंदिर परिसर में सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।

श्री कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति को लेकर हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कही खरी खरी बात।

 

चांदी से सजे गर्भगृह की छटा निहारते रहे

 

जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुख्य गर्भगृह को चांदी की परत से विशेष रूप से सजाया गया था। गर्भगृह की अलौकिक सज्जा और बाल कृष्ण के मनमोहक स्वरूप को मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव से निहारा। उन्होंने मुख्य गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया।

 

इसके बाद मुख्यमंत्री ने परिसर में स्थित योगमाया मंदिर, केशवदेव मंदिर और भागवत भवन में भी दर्शन-पूजन किया। उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि तथा जनकल्याण की मंगलकामना की।

 

श्रद्धालुओं पर बरसाए फूल

जेन जी भी जुड़ा श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन

 

जन्माष्टमी पर जन्मभूमि परिसर में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं का मुख्यमंत्री ने अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उन्हें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह नजर आया।

 

इस दौरान जन्मभूमि परिसर में उज्जैन से आए कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जा रही थीं। मुख्यमंत्री कलाकारों के बीच पहुंचे और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कलाकारों के साथ फोटो भी खिंचवाईं।

 

करीब 30 मिनट तक जन्मभूमि परिसर में रहने के बाद मुख्यमंत्री रवाना हुए।

 

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

 

कार्यक्रम में गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, मथुरा विधायक श्रीकांत शर्मा, गोवर्धन विधायक मेघश्याम सिंह, मांट विधायक राजेश चौधरी, विधान परिषद सदस्य योगेश नौहवार, उत्तर प्रदेश गौ-सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय, ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय, राष्ट्रीय लोक दल के प्रीतम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

अधिकारियों में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, अपर पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी एन, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।