मनोज चौधरी
——————————–
एकादशी से शुरू होगा विश्वप्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेला, प्रशासन ने अंतिम चरण में पहुंचाईं तैयारियां
गोवर्धन (मथुरा)। ब्रज की आस्था के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल विश्वप्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेला एकादशी से शुरू हो जाएगा। पांच दिन तक चलने वाले इस मेले में देश-विदेश से आने वाले करीब एक करोड़ श्रद्धालुओं के गोवर्धन की सात कोस परिक्रमा करने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने गोवर्धन पहुंचकर परिक्रमा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने मानसी गंगा, दानघाटी, प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को शेष कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन, 21 जोन और 62 सेक्टर में विभाजित किया है। सुरक्षा के लिए 6 स्थायी और 37 अस्थायी पुलिस चौकियां, 31 वॉच टावर, 150 बैरियर और 183 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएं देने के लिए 350 पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगातार संचालित रहेंगे।
मौलाना के बयान पर क्या बोले श्री कृष्ण जन्मभूमि -शाही ईदगाह मस्जिद केस हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ?
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 61 पार्किंग स्थल, अतिरिक्त रोडवेज बसें और रेलवे के साथ समन्वय कर विशेष प्रबंध किए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत अस्थायी चिकित्सा केंद्र, एंबुलेंस, बाइक एंबुलेंस, हेल्थ मोबाइल यूनिट और खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। मेला क्षेत्र में पेयजल, मोबाइल शौचालय, आरओ प्लांट और सफाई व्यवस्था भी सुदृढ़ की जा रही है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि कोई भी व्यवस्था अधूरी न रहे। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को पूरी सतर्कता और श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
लगातार हो रही समीक्षा बैठकों और स्थलीय निरीक्षणों के बाद अब गोवर्धन नगरी देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए सज-धज कर तैयार है। एकादशी से शुरू होने वाले इस मेले के साथ ही गिरिराज महाराज की सात कोस परिक्रमा का आध्यात्मिक महापर्व अपने चरम की ओर बढ़ेगा।
21 जुलाई तक करें आवेदन, तभी मिलेगी मुड़िया पूनों मेले में भंडारा और प्याऊ की अनुमति
मथुरा, 18 जुलाई। गोवर्धन में आयोजित होने वाले राजकीय मुड़िया पूनों मेला-2026 के दौरान भंडारा और प्याऊ लगाने वाले आयोजकों के लिए प्रशासन ने 21 जुलाई 2026 तक अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य कर दिया है। अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए गोवर्धन तहसील मुख्यालय पर एकल खिड़की (सिंगल विंडो क्लियरेंस) व्यवस्था लागू की गई है, जहां सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहकर अनुमति जारी कर रहे हैं।
उप जिला मजिस्ट्रेट एवं सह मेला अधिकारी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि मुड़िया पूनों मेला 23 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक आयोजित होगा। मेले में भंडारा और प्याऊ संचालित करने वाले सभी आयोजकों को निर्धारित शुल्क जमा कर अनुमति प्राप्त करनी होगी।
उन्होंने बताया कि भंडारा की अनुमति के लिए 4,000 रुपये तथा प्याऊ की अनुमति के लिए 2,000 रुपये निर्धारित किए गए हैं। यह शुल्क यूको बैंक, गोवर्धन शाखा के खाता संख्या 24600110044490 में जमा कर आवेदन किया जा सकता है।
एसडीएम ने कहा कि तहसील सभागार में बनाई गई सिंगल विंडो व्यवस्था के तहत राजस्व, पुलिस, विद्युत, स्वास्थ्य, अग्निशमन समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद हैं। इससे आयोजकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और सभी औपचारिकताएं एक ही स्थान पर पूरी हो जाएंगी।
प्रशासन ने सभी इच्छुक आयोजकों से अपील की है कि वे 21 जुलाई 2026 तक आवेदन कर समय से अनुमति प्राप्त कर लें, ताकि मेले के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।







