मथुरा। मुख्यमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 के तहत जनपद मथुरा में पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल शुरू की गई है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व में जनपद की 101 ग्राम पंचायतों में मियावाकी पद्धति से “लाड़ली वन- आओ लौटाएं ब्रज की हरियाली” थीम पर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ गुरुवार को ग्राम पंचायत बरारी, विकास खंड फरह से किया गया।

बरारी में आयोजित कार्यक्रम में बलदेव विधायक श्री पूरन प्रकाश की उपस्थिति में 1000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में मियावाकी पद्धति से 3000 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संदेश दिया गया।
लाड़ली वन में उच्च प्राथमिक विद्यालय की 50 बालिकाओं ने पौधारोपण किया और तीन-तीन पौधों को गोद लेकर उन्हें वृक्ष बनाने का संकल्प लिया। बालिकाओं को पौधों की देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल होकर बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की शेष 100 ग्राम पंचायतों में भी 12 जुलाई तक लाड़ली वन की स्थापना का कार्य पूरा कराया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त कंसल्टिंग इंजीनियर एवं ग्राम पंचायत सचिवों को बरारी में अपनाई गई मियावाकी तकनीक का अध्ययन कर चिन्हित 100 ग्राम पंचायतों में इसी मॉडल के आधार पर लाड़ली वन विकसित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, वृक्ष लगाओ” का संदेश देते हुए कहा कि पौधारोपण ब्रज की हरियाली को पुनर्जीवित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन बलदेव विधायक श्री पूरन प्रकाश के आशीर्वचन के साथ हुआ। अधिकारियों ने कहा कि लाड़ली वन अभियान से जनपद में हरित क्षेत्र का विस्तार होगा और ब्रज की प्राकृतिक सुंदरता को नई ऊर्जा मिलेगी।








