रामकुमार रौतेला वरिष्ठ पत्रकार
—————————-
हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ अभियान की प्रतिदिन जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह कर रहे समीक्षा, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद निभा रही अहम भूमिका
मथुरा 27 जून 2026/ भगवान श्रीकृष्ण जी की जन्मभूमि मथुरा एवं संपूर्ण ब्रज मंडल को स्वच्छ, सुंदर और दिव्य स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू किया गया “हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” अभियान, जो अब जनांदोलन का रूप लेने लगा है। ब्रह्मांड घाट से शुरू हुई यह मुहिम अब ब्रज के प्रमुख तीर्थस्थलों के साथ-साथ नगर पंचायतों और कस्बों की गलियों तक पहुंच रही है।
ब्रज केवल एक भू-भाग नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, श्रीकृष्ण जी की लीलाओं और सनातन संस्कृति का जीवंत केंद्र है। प्रतिवर्ष देश-विदेश से कई करोड़ श्रद्धालु यहां दर्शन और परिक्रमा के लिए आते हैं। ऐसे में ब्रज की स्वच्छता को धार्मिक सेवा और सांस्कृतिक उत्तरदायित्व से जोड़ते है। इसी के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू किया है।
अभियान की कमान स्वयं जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने संभाल रखी है। प्रत्येक दिन अभियान की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है, जिसके आधार पर वे स्वयं इसकी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। नगर आयुक्त जग प्रवेश मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में अभियान की सतत निगरानी कर रहे हैं, जबकि विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं।
अभियान के अंतर्गत कोसीकलां नगर पालिका, गोवर्धन, गोकुल, बरसाना, बाजना, राया और नंदगांव नगर पंचायतों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। वहीं श्री गिरिराज जी परिक्रमा मार्ग, कोकिलावन, वृंदावन परिक्रमा तथा अन्य प्रमुख तीर्थस्थलों पर भी युद्धस्तर पर सफाई कार्य कराया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं पवित्र वातावरण मिल सके।
इस महाअभियान में हार्टनेसफुल संस्था भी सक्रिय सहभागिता निभा रही है। उनके स्वयंसेवक इस सेवा कार्य में जुटे हुए है। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को गति प्रदान कर रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि ब्रज की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर ब्रजवासी और प्रत्येक श्रद्धालु का धार्मिक कर्तव्य भी है। यदि ब्रज स्वच्छ रहेगा तो यहां आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और अनुभव दोनों और अधिक दिव्य होंगे। इसी उद्देश्य के साथ ब्रज को स्वच्छ, सुंदर और विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इस अभियान को जन अभियान बनाने के लिए विभिन्न संगठन को भी जोड़ा जा रहा है।
गौरतलब रहे कि इस अभियान की रणनीति पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष श्री शैलजा कांत मिश्र जी और मंडलायुक्त श्री नगेंद्र प्रताप जी ने माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप जनपद के शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी में तैयार की थी।

*स्वच्छ ब्रज अभियान से जुड़ रहीं प्रतिष्ठित हस्तियां*
“हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” अभियान अब जनसहभागिता का व्यापक स्वरूप लेता जा रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री अरुणवीर सिंह दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे। यहाँ उन्होंने इस अभियान में श्रमदान किया। उन्होंने उज्ज्वल ब्रज संस्था के सदस्यों के साथ पावन वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर स्वच्छता अभियान चलाते हुए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छ ब्रज का संदेश दिया।
इसी क्रम में शनिवार को मथुरा वृंदावन नगर निगम के उपसभापति श्री मुकेश सारस्वत
ने भी अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक के साथ अभियान में सहभागिता करते हुए स्वच्छता कार्य में श्रमदान किया तथा नागरिकों से इस जनअभियान से जुड़ने का आह्वान किया।








