प्रधान पति पर उत्पीड़न समेत कई गंभीर आरोप, पीड़िता ने डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग
मथुरा। थाना फरह क्षेत्र के ग्राम फतिहा की निवासी गिरजा देवी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम प्रधान के पति हरीओम पर उत्पीड़न, धमकी, शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जा तथा ग्राम पंचायत की संपत्तियों में अनियमितताओं सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र में गिरजा देवी ने बताया है कि उनके पति सड़क दुर्घटना के बाद पिछले तीन वर्षों से चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उनका आरोप है कि ग्राम प्रधान का पति आए दिन उन्हें परेशान करता है, घर पहुंचकर धमकियां देता है और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देता है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपित ने उनके पशुओं की लड़ामनी (चारा रखने की व्यवस्था) को तुड़वा दिया, घर में लगी सबमर्सिबल उखड़वा दी तथा परिसर में लगा नीम का पेड़ भी कटवा दिया। इसके अलावा ग्राम समाज की भूमि पर कथित अवैध कब्जा, पंचायत भवन को नुकसान पहुंचाने, तालाब से जुड़ी अनियमितताओं तथा पोखर में कूड़ा-करकट डालकर जल स्रोत को प्रदूषित करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
गिरजा देवी का कहना है कि आरोपी क्षेत्र का प्रभावशाली व्यक्ति है, जिसके कारण उन्हें और उनके परिवार को लगातार भय बना हुआ है। उनका यह भी कहना है कि इस संबंध में पूर्व में कई अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़िता ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी और उपजिलाधिकारी फरह को भी भेजी गई है।
श्री कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति को लेकर सड़क पर उतरे कृष्ण भक्त
फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।








