मथुरा, 24 जून 2026।
28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, सभी पात्रों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में ओपीडी, आईपीडी, जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, परिवार नियोजन, नियमित टीकाकरण, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, एम्बुलेंस सेवाओं तथा अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी सरकारी अस्पतालों में स्वच्छता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पंखों एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सक समय से अस्पतालों में उपस्थित रहें और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ को निर्देश दिए कि जनपद में संचालित अवैध अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीसीपीएनडीटी समिति को कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम के लिए अल्ट्रासाउंड केंद्रों की नियमित जांच करने और अनियमितता मिलने पर तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
श्री कृष्ण जन्मभूमि शाही ईदगाह मस्जिद केस को लेकर चल रहे आंदोलन में हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट क्या कहा कि संत उतर आए सड़क पर?
बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाएं मजबूत की जाएं, ताकि मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक रूप से अन्यत्र न जाना पड़े।
इस दौरान जानकारी दी गई कि जनपद में 28 जून से पल्स पोलियो राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान शुरू होगा। 28 जून को बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा, जबकि 29 जून से 3 जुलाई तक घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। 6 जुलाई को बी-टीम गतिविधियां संचालित होंगी। अभियान के तहत ईंट-भट्टों, निर्माण स्थलों और घुमंतू परिवारों के बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, टैम्पो स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी विशेष टीमें तैनात की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा नवजात शिशुओं की सतत निगरानी पर विशेष बल दिया।
बैठक में आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने, शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड को ऑनलाइन अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा आभा आईडी निर्माण, टीबी जांच को बढ़ावा देने, मौसमी बीमारियों के प्रति सतर्कता बरतने तथा 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी स्थिति में मरीज उपचार से वंचित नहीं रहना चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ, सीएमएस जिला अस्पताल नीरज अग्रवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








