पत्रकारों का फूटा आक्रोश, फर्जी मुकदमों और उत्पीड़न के खिलाफ डीएम-एसएसपी को सौंपा 11 सूत्रीय ज्ञापन

 

दिलीप यादव वरिष्ठ पत्रकार

मथुरा। जनपद में पत्रकारों के कथित उत्पीड़न, बिना पर्याप्त जांच के मुकदमे दर्ज किए जाने तथा पुलिस-प्रशासन के असहयोगपूर्ण रवैये के विरोध में सोमवार को जिले भर के पत्रकारों ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। बड़ी संख्या में पत्रकारों ने जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और न्यायपूर्ण कार्रवाई की मांग की।

पत्रकारों ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले पत्रकारों को लगातार दबाव, धमकियों और झूठे मुकदमों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में पत्रकार रवि बघेल, शुभम चौधरी, आलोक तिवारी, लोकेश गर्ग, वृंदावन क्षेत्र के पत्रकारों को मिली कथित धमकियों तथा अड़ींग निवासी पत्रकार दिलीप यादव की भूमि विवाद संबंधी शिकायतों का विशेष उल्लेख किया गया। पत्रकारों का आरोप था कि कई मामलों में प्रभावशाली व्यक्तियों के दबाव में कार्रवाई की जाती है, जबकि पत्रकारों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जाता।

प्रतिनिधिमंडल ने थानों एवं पुलिस चौकियों में पत्रकारों के साथ होने वाले अभद्र व्यवहार, समाचार संकलन के दौरान सहयोग न मिलने, अधिकारियों द्वारा तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध न कराने तथा सीयूजी नंबर तक रिसीव न करने जैसे मुद्दे भी उठाए। पत्रकारों का कहना था कि इससे प्रशासनिक पारदर्शिता प्रभावित होती है और समाचारों में प्रशासन का पक्ष शामिल करने में कठिनाई आती है।

ज्ञापन में पत्रकारों के विरुद्ध दर्ज मामलों की निष्पक्ष जांच, पत्रकार सुरक्षा एवं संवाद समिति के गठन तथा कवरेज के दौरान मोबाइल छीनने, कैमरा तोड़ने या समाचार संकलन में बाधा पहुंचाने जैसी घटनाओं में तत्काल एफआईआर दर्ज करने की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई।

जिलाधिकारी ने पत्रकारों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मामलों की जांच एडीएम वित्त एवं एसपी सिटी को सौंपने की बात कही। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी पत्रकारों से विस्तार से वार्ता कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

पत्रकारों ने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भविष्य में व्यापक आंदोलनात्मक रणनीति अपनाई जाएगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मदन गोपाल शर्मा, धर्मेंद्र चतुर्वेदी, राकेश शर्मा, मफतलाल अग्रवाल, अनिल सारस्वत, सुशील गोस्वामी, प्रवेश चतुर्वेदी, सुरेश सैनी, मातुल शर्मा, मुकेश कुशवाहा, दिलीप यादव, धाराजीत सारस्वत, गिरधर पचौरी, अमित भार्गव, गजेंद्र चौधरी, दलबीर सिंह, मोहित चतुर्वेदी, रवि बघेल, मनीष चौधरी, शुभम चौधरी, निर्मल राजपूत, बी.एल. पाण्डेय, अरुण, मनोज, लोकेश गर्ग, विवेक चतुर्वेदी, नेत्रपाल, राहुल कुमार, रिंकू वर्मा, प्रतीक चतुर्वेदी सहित सैकड़ों पत्रकार उपस्थित रहे।