साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी : अभिषेक शुक्ला

दीपक गोस्वामी मथुरा

———————

मथुरा। डिजिटल युग में मोबाइल और कंप्यूटर ने लोगों के जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराध का खतरा भी तेजी से बढ़ा है। लोगों को स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ दूसरों को भी साइबर ठगी से बचाव के प्रति सचेत करना चाहिए। अनजान नंबरों से प्राप्त लिंक नहीं खोलने चाहिए और किसी भी व्यक्ति के साथ अपनी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचना चाहिए।

यह बातें जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड मथुरा अभिषेक शुक्ला ने रिजर्व बैंक एवं कैनरा बैंक के मार्गदर्शन में क्रिसिल फाउंडेशन द्वारा संचालित मनीवाइज परियोजना के तहत मथुरा सिटी सेंटर में आयोजित दक्षता संवर्द्धन कार्यक्रम में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहीं।

उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तथा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी लाभकारी योजनाओं से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही सरकार और बैंकों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।

कार्यक्रम में जनपद स्तर पर कार्यरत सलाहकारों को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के निर्देशों के अनुरूप बैंकिंग क्षेत्र की कल्याणकारी योजनाओं, वित्तीय समावेशन तथा वित्तीय जागरूकता से संबंधित व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

मुख्य प्रशिक्षक योगेश कुमार ने प्रतिभागियों को बचत, वित्तीय सुरक्षा, बैंकिंग सेवाएं, बीमा, बैंकिंग एवं बीमा लोकपाल तथा शिकायत निवारण प्रणाली सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत एवं प्रयोगात्मक प्रशिक्षण दिया।

कार्यक्रम में मनोज कुमार, ललितेश रावत, अंजिली राजपूत, योगेंद्र कुमार, तरुण कुमार, महेंद्री कुमारी, दुर्गेश कुमारी और चंद्रशेखर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक कुमार ने किया।