श्याम चतुर्वेदी मीडिया प्रभारी भाजपा मथुरा
——————————————–
आगामी चुनावी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने मथुरा जिले में बूथ स्तर तक अपनी संगठनात्मक सक्रियता को और तेज कर दिया है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 134वें संस्करण को जिले के बलदेव, मांट और छाता विधानसभा क्षेत्रों के 1356 बूथों पर सामूहिक रूप से सुना गया। इसके साथ ही भाजपा ने अपने चुनावी नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया।
जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम को केवल प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि इसे संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति के क्रियान्वयन का माध्यम बनाया गया। कार्यक्रम के तुरंत बाद प्रत्येक बूथ पर बूथ समिति की बैठकें आयोजित कर संगठन की जमीनी स्थिति की समीक्षा की गई।
जिला मीडिया प्रभारी पंडित श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि भाजपा का पूरा फोकस अब बूथ सशक्तिकरण पर है। “मेरा बूथ सबसे मजबूत” अभियान के तहत प्रत्येक बूथ की सक्रियता, पन्ना प्रमुखों की स्थिति और लाभार्थी संपर्क अभियान की प्रगति का मूल्यांकन किया गया। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता का आधार बूथ होता है और पार्टी उसी दिशा में पूरी ताकत से काम कर रही है।
बैठकों में पन्ना प्रमुखों के सत्यापन, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच बढ़ाने तथा संगठनात्मक डाटा को सरल ऐप पर शत-प्रतिशत अपडेट करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि यदि बूथ स्तर पर संगठन मजबूत रहता है तो चुनावी जीत का मार्ग स्वतः प्रशस्त हो जाता है। इसी सोच के तहत जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि “बूथ जीता तो चुनाव जीता” और प्रत्येक बूथ को डिजिटल तथा भौतिक दोनों स्तरों पर सक्रिय बनाने का लक्ष्य तय किया गया।
कार्यक्रम में विधानसभा प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, महिला मोर्चा पदाधिकारी तथा बूथ अध्यक्षों की व्यापक भागीदारी रही। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा ने “मन की बात” कार्यक्रम को संगठनात्मक ऊर्जा और चुनावी तैयारी के साथ जोड़कर कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावी रण के लिए सक्रिय करने का प्रयास किया है।








