भीषण गर्मी का कहर, मथुरा में पारा 48 डिग्री के करीब प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

मनोज चौधरी 

12 से 4 बजे तक घरों में रहने की अपील

मथुरा, 25 मई 2026। जनपद मथुरा में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग द्वारा मथुरा को ऑरेंज जोन में चिन्हित किया गया है। सोमवार को मथुरा का अधिकतम तापमान करीब 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि मौसम विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा आगामी दिनों में हीटवेव एवं उष्ण लहर चलने की संभावना व्यक्त की गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

श्री कृष्ण जन्मभूमि आंदोलन को लेकर क्या बोले हिन्दू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट?

उन्होंने कहा कि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में नागरिक दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। बाहर निकलते समय सिर और शरीर को पूरी तरह ढकें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।

प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में हल्के और सूती कपड़े पहनने, छाता, टोपी, गमछा और धूप के चश्मे का उपयोग करने की सलाह दी गई है। साथ ही ORS, लस्सी, छाछ, नींबू पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने को कहा गया है, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

एडीएम ने बताया कि खुले में कार्य करने वाले मजदूरों, बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और रोगग्रस्त व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। पशुओं को भी छायादार स्थान पर रखने और उन्हें ताजा पानी उपलब्ध कराने की अपील की गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन धूप में खड़े न करें, खाली पेट घर से बाहर न निकलें और अत्यधिक गर्मी में भारी शारीरिक श्रम से बचें। इसके अलावा बच्चों और जानवरों को बंद वाहनों में अकेला छोड़ना खतरनाक हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मथुरा सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर बना रह सकता है।