पंडित श्याम चतुर्वेदी, जिला मीडिया प्रभारी
————————————————
जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे के नेतृत्व में मंडल प्रभारियों की बैठकों में चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और संगठन विस्तार पर मंथन
मथुरा, 22 मई 2026।
आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मथुरा जनपद में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिले के सभी मंडलों में मंडल प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने किया, जिसमें संगठन की आगामी रणनीति, बूथ सशक्तिकरण और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठकों में शक्ति केंद्र संयोजकों, मंडल प्रभारियों और मंडल पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रति सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। भाजपा संगठन अब बूथ और पन्ना प्रमुख स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर तेजी से काम करता दिखाई दे रहा है।
‘मन की बात’ को जनसंपर्क अभियान से जोड़ने की तैयारी
बैठक में तय किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को संगठनात्मक अभियान के रूप में संचालित किया जाएगा। इसके तहत 24 मई को जिले के सभी शक्ति केंद्रों पर बैठकें आयोजित होंगी, जहां बूथ अध्यक्षों और पन्ना प्रमुखों की मौजूदगी में सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुना जाएगा।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार सभी मंडलों में एक समान रणनीति के तहत बैठकें आयोजित की गई हैं, ताकि संगठन की गतिविधियों में एकरूपता बनी रहे।
15 जून तक बूथ समितियों के पुनर्गठन का लक्ष्य
बैठक में बूथ सशक्तिकरण को सबसे अहम एजेंडा माना गया। निर्णय लिया गया कि प्रत्येक बूथ पर 21 सदस्यीय बूथ समिति का पुनर्गठन किया जाएगा तथा वोटर लिस्ट के हर पन्ने पर पन्ना प्रमुख की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। यह कार्य 15 जून तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
संगठन की डिजिटल मॉनिटरिंग को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। सभी बैठकों की फोटो, उपस्थिति और कार्यवाही को उसी दिन सरल पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है।
“हर बूथ पर भाजपा का परचम लहराने का लक्ष्य”
जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की ताकत उसका मजबूत बूथ नेटवर्क है और आगामी चुनाव में मथुरा के हर बूथ पर भाजपा का परचम लहराना संगठन का लक्ष्य है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने, नियमित बैठकों और बूथ स्तर पर संवाद मजबूत करने का आह्वान किया।
टिफिन बैठक और बूथ सम्मेलन पर भी जोर
बैठक में भविष्य की संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई। तय किया गया कि शक्ति केंद्र बैठकों में अब ‘टिफिन बैठक’ की अवधारणा को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीय संवाद और समन्वय मजबूत हो सके।
इसके साथ ही अगले महीने विधानसभा स्तर पर बूथ समिति सम्मेलन आयोजित करने की भी घोषणा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई जाएगी।








