बूथ से विधानसभा तक जीत का मंत्र, भाजपा ने कार्यकर्ताओं को दिया मिशन 2027 का रोडमैप

श्याम चतुर्वेदी मीडिया प्रभारी भाजपा


 

मथुरा में दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न, ‘मन की बात’ को जनसंपर्क का सबसे बड़ा माध्यम बताया

मथुरा, 17 मई। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मथुरा में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संदेश दिया। संस्कृति यूनिवर्सिटी, छाता में आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग के समापन पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग का मंत्र दिया।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में जिले भर से करीब 200 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में संगठनात्मक मजबूती, चुनाव प्रबंधन और कार्यकर्ता विकास को केंद्र में रखकर विभिन्न सत्र आयोजित किए गए।

‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ का दिया संदेश

समापन सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ की मतदाता सूची का सत्यापन, पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति और बूथ समिति गठन को प्राथमिकता दे।

उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव का लक्ष्य सामने रखते हुए कहा कि ब्रज क्षेत्र की सभी सीटों पर भाजपा का परचम लहराना संगठन का संकल्प है और इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

‘मन की बात’ को बताया जनसंपर्क का प्रभावी माध्यम

अरुण सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को जनता से जुड़ने का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि हर बूथ पर सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुनने की परंपरा को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उठाए गए विषयों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना ही सच्चा जनसंपर्क है।

सुबह योग से शुरुआत, दिनभर चले प्रशिक्षण सत्र

प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन की शुरुआत प्रातः जागरण, चाय और शाखा-योग-प्रार्थना से हुई। इसके बाद भाजपा के इतिहास, संगठन विस्तार, कार्यकर्ता विकास और चुनाव प्रबंधन पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए।

प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर ने भाजपा के संघर्ष और विकास यात्रा पर प्रकाश डाला, जबकि क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष वीरेन्द्र अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को व्यवहार एवं संवाद कौशल के टिप्स दिए। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हेमेन्द्र शर्मा ने बूथ से शक्ति केंद्र तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति समझाई।

ऑनलाइन परीक्षा के साथ हुआ समापन

दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के अंत में सभी कार्यकर्ताओं की ऑनलाइन परीक्षा कराई गई। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी, विधायक पूरन प्रकाश, विधायक राजेश चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।