राष्ट्रवाद हमारी पहचान, एआई हमारा हथियार’

 

 

पंडित श्याम चतुर्वेदी, जिला मीडिया प्रभारी, भाजपा मथुरा।

————————–

मथुरा भाजपा के जिला प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को मिली वैचारिक और तकनीकी धार

विपक्ष के भ्रामक विमर्श व दुष्प्रचार को ध्वस्त करेंगे भाजपा के ‘डिजिटल योद्धा’

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी, मथुरा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग शनिवार को संस्कृति यूनिवर्सिटी, छाता के सभागार में संपन्न हो गया। इस सांगठनिक महामंथन के माध्यम से जिले के लगभग 200 प्रमुख पदाधिकारियों एवं अपेक्षित कार्यकर्ताओं को वैचारिक, सांगठनिक और समसामयिक तकनीकी रूप से सुदृढ़ किया गया। दो दिवसीय प्रशिक्षण में राष्ट्रवाद की वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ-साथ वर्तमान युग की मांग के अनुरूप ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ (एआई) जैसी आधुनिक विधाओं पर भी गंभीर विमर्श हुआ।

वर्ग का विधिवत शुभारंभ मुख्य वक्ता व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. दिनेश, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, सांसद हेमा मालिनी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

एकात्म मानववाद से अंत्योदय का संकल्प

प्रथम सत्र में ‘वैचारिक परिवार’ विषय पर बोलते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. दिनेश ने लगभग एक घंटे के अपने सारगर्भित मार्गदर्शक उद्बोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी मात्र चुनावी लाभ-हानि के लिए काम करने वाली मशीन नहीं है, बल्कि यह सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और मूल्य आधारित राजनीति की संवाहक है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भारतीय मजदूर संघ सहित पूरे संघ परिवार के ध्येय को रेखांकेत किया। डॉ. दिनेश ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ व ‘अंत्योदय’ के सिद्धांतों की व्याख्या करते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर को सबसे अभेद्य इकाई बनाने का आह्वान किया। इस सत्र का कुशल संचालन अजय प्ररखम ने किया।

‘पंच निष्ठा’ ही कार्यकर्ता का आचरण

द्वितीय सत्र में ‘वैचारिक अधिष्ठान एवं पंच निष्ठा’ विषय पर विधायक मानवेंद्र गुरुजी ने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा की वैचारिक यात्रा का मूल सांस्कृतिक राष्ट्रवाद में समाहित है। उन्होंने राष्ट्रवाद, लोकतंत्र, समाज के वंचित वर्ग के प्रति निष्ठा, मूल्य आधारित शुचितापूर्ण राजनीति और सर्वधर्म समभाव की ‘पंच निष्ठा’ को हर कार्यकर्ता के आचरण का अभिन्न हिस्सा बनाने पर बल दिया। सत्र की अध्यक्षता सविता सिंह सरोज एवं संचालन सुरेश तरकर ने किया।

देश के सम्मुख चुनौतियां और सजगता

तीसरे सत्र में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने आंतरिक व बाह्य सुरक्षा की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज जब भारत वैश्विक पटल पर एक सशक्त महाशक्ति के रूप में उभर रहा है, तब आतंकवाद, नक्सलवाद और सांस्कृतिक-वैचारिक प्रदूषण फैलाने वाली शक्तियां देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। इनसे निपटने के लिए राष्ट्रवादी ताकतों का सदैव सजग रहना आवश्यक है। उन्होंने कृषि सुधारों और किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए जारी प्रयासों की भी चर्चा की।

कार्यपद्धति और संगठन का परिवार भाव

चतुर्थ सत्र में क्षेत्रीय महामंत्री नागेंद्र सिकरवार ने भाजपा की अनूठी कार्यपद्धति को संगठन की वास्तविक शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख, बूथ समिति और शक्ति केंद्र का जो सुव्यवस्थित ढांचा हमारे पास है, वह अद्वितीय है। सत्र की अध्यक्षता एचपी सिंह परिहार ने की। पंचम सत्र में क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल ने ‘कार्यकर्ता विकास एवं संभाल’ विषय पर बोलते हुए कहा कि कार्यकर्ता दल की वास्तविक पूंजी हैं। उन्होंने परिवार भाव के साथ पुराने व सक्रिय कार्यकर्ताओं के जीवंत संपर्क पर जोर दिया।

डिजिटल युद्ध और एआई टूल्स का व्यावहारिक ज्ञान

छठे सत्र में ‘मीडिया, सोशल मीडिया और एआई (AI) का उपयोग’ विषय पर मांट विधायक राजेश चौधरी एवं क्षेत्रीय सह संयोजक (आईटी) गौरव वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। वक्ताओं ने दोटूक कहा कि समकालीन दौर में असली संघर्ष ‘नैरेटिव’ (विमर्श) स्थापित करने का है। विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक विमर्श, ‘फेक न्यूज’ और दुष्प्रचार का प्रतिकार केवल प्रामाणिक तथ्यों से ही संभव है।

इस सत्र में कार्यकर्ताओं को ChatGPT और Meta AI जैसे अत्याधुनिक टूल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। बताया गया कि कैसे इन एआई टूल्स की मदद से त्वरित कंटेंट निर्माण, भाषण की रूपरेखा और बूथ स्तर तक सटीक जन-सांकेतिक संदेश तैयार किए जा सकते हैं। वक्ताओं ने प्रत्येक कार्यकर्ता से इस वैचारिक युद्ध में एक सजग ‘डिजिटल योद्धा’ बनने का आह्वान किया।

जन-कल्याणकारी नीतियां ही प्राथमिकता: चौधरी लक्ष्मीनारायण

समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने कहा कि केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार ने देश में गरीब कल्याण की राजनीति को धरातल पर उतारा है। पीएम आवास, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक गुणात्मक परिवर्तन किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि कोई भी सुपात्र नागरिक इन योजनाओं से वंचित न रहे, इसे सुनिश्चित करना संगठन का परम कर्तव्य है।

ये रहे उपस्थित:

इस दो दिवसीय सांगठनिक प्रशिक्षण वर्ग में मुख्य रूप से विधायक पूरन प्रकाश, ब्लॉक प्रमुख अनिल तरकर, ब्लॉक प्रमुख शर्मा जी, शालेन्द्र जी, श्याम चतुर्वेदी, सुष्मिता बहन, मनीषा पाराशर, निर्मला सिंह बघेल, रेखा निषाद, रणवीर, अनिल चौधरी, विक्रम सिंह, ओमप्रकाश सैनी, सत्यपाल, आकाश चौधरी, अमन ठाकुर, वीरचन्द्र गुर्जर, ज्ञानेंद्र सिंह, भगत सिंह जादौन सहित जिला पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष, मोर्चा व प्रकोष्ठों के जिला संयोजक-सह संयोजक तथा 200 अपेक्षित कार्यकर्ता पूर्ण निष्ठा के साथ उपस्थित रहे।