पंडित श्याम चतुर्वेदी मीडिया प्रभारी भाजपा
संस्कृति यूनिवर्सिटी में 16-17 मई को 12 सत्रों में होगा प्रशिक्षण, 200 कार्यकर्ता लेंगे भाग
मथुरा, 8 मई 2026। भारतीय जनता पार्टी मथुरा द्वारा 16 और 17 मई को आयोजित होने वाले दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण शिविर को पूरी तरह “पॉलिथीन मुक्त” बनाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में गुरुवार को संस्कृति यूनिवर्सिटी में जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण कार्ययोजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ग प्रभारी हेमंत शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के “स्वच्छ भारत-सशक्त भारत” संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण शिविर पूर्णतः पॉलिथीन मुक्त रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पानी के लिए स्टील या कांच के गिलास, भोजन के लिए पत्तल-दोने तथा कपड़े के झोलों का उपयोग करना होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा केवल विचारधारा का ही नहीं, बल्कि व्यवहार और सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रशिक्षण देती है। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को संगठनात्मक संस्कृति का हिस्सा बनाया जाएगा।
12 सत्रों में मिलेगा संगठन और चुनाव प्रबंधन का प्रशिक्षण
जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने बताया कि 16 मई को वरिष्ठ नेता द्वारा शिविर का उद्घाटन किया जाएगा। दो दिवसीय शिविर में संगठन, विचारधारा, पार्टी इतिहास, सोशल मीडिया, चुनाव प्रबंधन, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं, बूथ प्रबंधन, मीडिया संवाद और डेटा प्रबंधन सहित कुल 12 सत्र आयोजित किए जाएंगे।
शिविर में मंडल पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ संयोजक तथा बूथ अध्यक्ष स्तर तक के लगभग 200 कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
11 समितियों का गठन, कार्यकर्ताओं को मिलेंगी स्टील बोतलें
जिला महामंत्री सत्यपाल चौधरी ने बताया कि शिविर के सफल संचालन के लिए पंजीकरण, आवास, भोजन और प्रशिक्षण सत्र व्यवस्था सहित 11 समितियों का गठन किया गया है।
जिला महामंत्री आकाश चौधरी ने “पॉलिथीन मुक्त शिविर” की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रत्येक कार्यकर्ता को स्वदेशी उत्पाद से बना कपड़े का थैला और स्टील की बोतल उपलब्ध कराई जाएगी।
2029 लोकसभा चुनाव की तैयारी का आधार बनेगा शिविर
जिला महामंत्री अमन ठाकुर ने कहा कि 12 सत्रों वाला यह प्रशिक्षण शिविर वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यहां से प्रशिक्षित होकर कार्यकर्ता “बूथ जीता-चुनाव जीता” के मंत्र के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य करेंगे।
बैठक में वर्ग प्रभारी हेमंत शर्मा, शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ की क्षेत्र संयोजक मीनाक्षी शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अनिल चौधरी, जिला मंत्री सुरेश तरकर, भानु प्रताप सिंह, रणवीर सिंह, मनीष पाराशर, मुदिता गोस्वामी, भगत सिंह जादौन, विक्रम सिंह और नारायण पांडे सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं विभिन्न समितियों के संयोजक मौजूद रहे।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि शिविर में प्रदेश और क्षेत्र स्तर के वरिष्ठ नेता मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। 17 मई को समापन सत्र में वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।








