मनोज चौधरी मथुरा
गोवर्धन में तैयारियों की समीक्षा, सुविधाओं को बेहतर बनाने का संकल्प
मथुरा/गोवर्धन। आगामी मुड़िया पूर्णिमा मेले को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मेले को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडल आयुक्त और डीआईजी के नेतृत्व में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। मीटिंग कमिश्नर नगेंद्र प्रताप सिंह और डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय की मौजूदगी में हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्या बोल दिया ऐसा, धीरेन्द्र शास्त्री ने तो बिल्कुल स्पष्ट ही कर दिया?
परिक्रमा मार्ग से लेकर ठहरने तक पर फोकस
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि हर वर्ष देश-विदेश से लगभग डेढ़ करोड़ श्रद्धालु गिरिराज जी की परिक्रमा के लिए गोवर्धन पहुंचते हैं। पिछले वर्ष की व्यवस्थाओं को मिली सराहना को आधार बनाते हुए इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।

बैठक में परिक्रमा मार्ग की मरम्मत, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिमास के कारण बढ़ेगी भीड़, विशेष सतर्कता
इस वर्ष अधिमास होने के चलते ‘ब्रज चौरासी कोस’ परिक्रमा में भी भारी भीड़ की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि इस बार मुड़िया पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।








