किसानों के साथ ‘मजाक’ पर भड़की कांग्रेस, मुआवजे को लेकर कल कलेक्ट्रेट घेराव

भगवान सिंह एडवोकेट। कांग्रेस अलीगढ़ कॉर्डिनेटर

ओलावृष्टि से तबाह फसलों पर सरकार को घेरा, 2 लाख प्रति एकड़ मुआवजे की मांग

मथुरा, 16 अप्रैल।

मौसम की मार से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी 17 अप्रैल को कलेक्ट्रेट परिसर मथुरा में जोरदार धरना-प्रदर्शन करेगी। यह कार्यक्रम प्रातः 11:00 बजे आयोजित होगा, जिसमें विरोध-प्रदर्शन के साथ महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन भी प्रेषित किया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं अलीगढ़ कोऑर्डिनेटर चौधरी भगवान सिंह वर्मा के नेतृत्व में संपन्न होगा।

सरकार पर मुआवजे में भेदभाव और उपेक्षा का आरोप

पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी भगवान सिंह वर्मा ने कहा कि बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और खराब मौसम के कारण किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसान गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को दिए जा रहे मुआवजे के नाम पर मजाक किया जा रहा है। कहीं 500 रुपये, कहीं 1000 रुपये और कहीं 2000 रुपये के चेक देकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच रही है।

इस्कॉन में भी श्री कृष्ण जन्मभूमि को कब्जा मुक्त कराने की जोरदार ढंग से उठ रही आवाज

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

उन्होंने मांग की कि प्रभावित किसानों को शीघ्र 2 लाख रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए। साथ ही किसानों के सरकारी ऋण और बिजली बिल तत्काल माफ किए जाएं। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार से मुक्ति, महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण तथा महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ ठोस कदम उठाने की भी मांग की गई है।

अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील

चौधरी भगवान सिंह वर्मा ने जनपद के किसानों, बेरोजगार युवाओं, पीड़ितों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।