जाम के समाधान की दिशा में प्रशासन सक्रिय, विभिन्न विभागों ने दिया सहयोग का आश्वासन

शशिभानु गर्ग, 

 

जाम के समाधान की दिशा में प्रशासन सक्रिय, विभिन्न विभागों ने दिया सहयोग का आश्वासन

— धार्मिक नगरी मथुरा–वृंदावन में सुचारु यातायात व्यवस्था को लेकर बढ़ी उम्मीद

धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व से विश्वप्रसिद्ध मथुरा–वृंदावन में वर्ष भर करोड़ों श्रद्धालु, पर्यटक और तीर्थयात्री आते हैं। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा और प्रेम व भक्ति की धरा वृंदावन में लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण जाम की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। जाम से न केवल स्थानीय व्यापारी और नागरिक परेशान हैं, बल्कि दर्शनार्थियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के स्थायी समाधान को लेकर नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की पहल पर प्रशासनिक हलचल तेज हुई है।

 

हाल ही में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने व्यापार मंडल पदाधिकारियों के साथ गोवर्धन चौराहे से मंडी चौराहे तक पैदल भ्रमण कर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों को साथ लेकर तत्काल बैठक कर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में आज व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने दूरसंचार, बिजली और वन विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर सहयोग की मांग की।

 

नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल के नेतृत्व में सर्वप्रथम प्रतिनिधिमंडल ने उप महाप्रबंधक, बीएसएनएल डी.के. शर्मा से मिलकर शहर में अब उपयोगहीन पड़े टेलीफोन खंभों व पैनलों को हटाने का अनुरोध किया। उप महाप्रबंधक ने तुरंत संज्ञान लेते हुए अपने अधिकारियों को शहर का सर्वे कर ऐसे सभी खंभे व पैनल हटाने के निर्देश जारी किए।

 

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग से मुलाकात की। व्यापार मंडल ने बताया कि मुख्य मार्गों पर रखे विद्युत ट्रांसफार्मर और खंभे सीधे तौर पर यातायात अवरुद्ध कर रहे हैं। मुख्य अभियंता ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए नगरीय क्षेत्र के अभियंता को व्यापार मंडल की क्षेत्रीय इकाइयों के सहयोग से अवरोधक खंभों व ट्रांसफॉर्मरों की सूची तैयार कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

प्रभागीय वन अधिकारी की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने उप प्रभागीय वन अधिकारी एस.के. सिंह से भेंट की तथा शहर में मार्गों को अवरुद्ध कर रहे पेड़ों—विशेषकर कृष्णानगर पुलिस चौकी स्थित विशाल पेड़—को स्थानांतरित करने का मुद्दा उठाया। अधिकारी ने बताया कि मथुरा TTZ क्षेत्र में होने के कारण बिना न्यायालय अनुमति कोई पेड़ नहीं हटाया जा सकता; फिर भी व्यापार मंडल द्वारा सौंपी गई सूची को आधार बनाकर न्यायालय में सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।

 

नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल और महामंत्री शशि भानु गर्ग ने कहा कि धार्मिक नगरी मथुरा–वृंदावन में प्रतिदिन हजारों और वर्ष भर में करोड़ों यात्री दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में जाम की समस्या का समाधान अत्यंत आवश्यक है, ताकि श्रद्धालु सुगमता से तीर्थस्थलों तक पहुँच सकें और शहर की छवि सुदृढ़ हो। व्यापार मंडल विभिन्न विभागों से निरंतर संवाद कर समाधान की दिशा में प्रयासरत रहेगा।

 

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, उपाध्यक्ष गुरमुख दास, महामंत्री शशि भानु गर्ग, सुनील साहनी, सह-महामंत्री श्री भगवान चतुर्वेदी, संगठन मंत्री लक्ष्मण दास कालरा एवं युवा नगर अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल उपस्थित रहे।