“अपना गांव, अपना रोड” आंदोलन की चेतावनी, किसानों ने मंडल अधिकारियों से रखीं समस्याएं

धान बिक्री, डीएपी खाद व बिजली आपूर्ति को लेकर भाकियू प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

अलीगढ़/मथुरा

किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने “अपना गांव, अपना रोड” आंदोलन की चेतावनी दी है। शुक्रवार को अलीगढ़ में आयोजित आगरा–अलीगढ़ मंडलीय रबी उत्पादकता गोष्ठी 2025 के दौरान भाकियू का प्रतिनिधिमंडल मंडल अधिकारियों से मिला और कृषि क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर अपनी मांगें रखीं।

मंडलायुक्त शैलेन्द्र सिंह से वार्ता करते भाकियू अराजनैतिक के मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर

भाकियू (अराजनैतिक) के मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त आगरा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह, मंडलायुक्त अलीगढ़, प्रमुख सचिव कृषि, कृषि निदेशक, उद्यान निदेशक, जिलाधिकारी अलीगढ़ व कृषि राज्य मंत्री औलख जी से मुलाकात की।

श्री तोमर ने कहा कि किसानों को धान बिक्री में देरी, डीएपी खाद की कमी, नहरों की सफाई में लापरवाही और बिजली आपूर्ति की अनियमितता जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो किसान “अपना गांव, अपना रोड” आंदोलन के तहत सड़कों पर उतरेंगे और अपने-अपने गांवों में धरना प्रदर्शन करेंगे।

­

किसान पंचायत का दृश्य

अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और समाधान का भरोसा दिया।

राजकुमार तोमर ने कहा —

 

“किसानों को राहत नहीं मिली तो आंदोलन तय है। सरकार को चेत जाना चाहिए, क्योंकि खेत और किसान दोनों अब चुप नहीं बैठेंगे।