विदेशी छोड़ो, स्वदेशी अपनाओ, ये संदेश घर घर तक पहुंचाओ: राजू यादव

आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की जिला कार्यशाला सम्पन्न

मथुरा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर स्वदेशी और स्वावलंबन को मूल मंत्र मानकर चलाए जा रहे आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी महानगर की कार्यशाला शुक्रवार को पुष्पांजलि स्थित भाजपा कार्यालय पर सम्पन्न हुई।

कार्यशाला का शुभारंभ जिला प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया, महापौर विनोद अग्रवाल तथा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने की।वहीं कार्यशाला संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य जिला प्रभारी अशोक कटारिया ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना केवल आर्थिक दृष्टिकोण तक सीमित नहीं है। यह एक व्यापक विचार है, जिसमें हमारे सांस्कृतिक मूल्यों, हमारी परंपराओं और हमारी आत्मा का समावेश है। जब तक हम स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा नहीं देंगे, अपने कुटीर उद्योगों को पुनर्जीवित नहीं करेंगे और युवाओं को स्वदेशी सोच से नहीं जोड़ेंगे, तब तक वास्तविक

आत्मनिर्भरता संभव नहीं है। हमें अपने गाँव–गाँव, गली–गली तक यह संदेश पहुँचाना होगा कि अब हमें विदेशी वस्तुओं की अपेक्षा अपने देश के उत्पादों को अपनाना है। यही सच्चा राष्ट्रधर्म है। वहीं महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का जो नारा दिया है, वह वास्तव में भारत की नई क्रांति है। जिस प्रकार स्वतंत्रता आंदोलन में प्रत्येक भारतीय ने अपने स्तर से योगदान दिया था, उसी प्रकार अब हर नागरिक को आत्मनिर्भर भारत आंदोलन में अपनी भूमिका निभानी होगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, छोटे–छोटे उद्योगों को सहयोग और स्टार्टअप संस्कृति को प्रोत्साहन देकर हम आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य दे सकते हैं। आज आवश्यकता है कि कार्यकर्ता इस संकल्प को घर-घर तक ले जाएँ और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएँ।भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि मथुरा की भूमि सदैव समाज को नई दिशा देने वाली रही है। आत्मनिर्भर भारत अभियान प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यक्तिगत संकल्प है। हमें अपने जीवन में भी स्वदेशी उत्पादों का प्रयोग करना होगा और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना होगा। जिस दिन यह अभियान जनआंदोलन बन जाएगा,उसी दिन भारत विश्व गुरु बनने की ओर बढ़ जाएगा। हमें प्रधानमंत्री के वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को व्यवहारिक जीवन में उतारना है। कार्यकर्ता यदि इस दिशा में गंभीरता से प्रयास करेंगे तो मथुरा महानगर आत्मनिर्भरता का आदर्श उदाहरण बन सकता है।भाजपा मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि यह अभियान आगामी तीन माह तक जिले में निरंतर चलेगा। इसके अंतर्गत कार्यकर्ता जनसंपर्क, संगोष्ठी, गोष्ठी और जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर बनने का संदेश देंगे। प्रधानमंत्री के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएगा। संचालन रामकिशन पाठक ने किया।

इस अवसर पर सुल्तान सिंह तरकर चंद्रपाल कुंतल संजय शर्मा कुंज बिहारी चतुर्वेदी नीरू सक्सेना ललित गौतम नितिन चतुर्वेदी प्रणय शर्मा पाराशर अमित पाठक पार्षद अंकुर गुर्जर धर्मेश नौहवार नितिन कौशिक हाकिम सिंह टीटू अजय सिंह राजावत जितेंद्र वार्ष्णेय लोकेश निषाद यशपाल सिंह नट्टू पंडित शुभम ठाकुर मोहन भारद्वाज आकाश पचौरी आदि मौजूद थे