मुख्यमंत्री की सभा में भीड़ जुटाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को नेताओं ने थमाए लक्ष्य

श्रवण शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार

————-
फरह
पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेला में 19 सितंबर को आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विराट युवा सम्मेलन को सफल बनाने के लिए भाजपा जिला संगठन ने कमर कस ली है। भीड़ का लक्ष्य तय करने के साथ सभी मंडलों से वाहनों के माध्यम से भीड़ लाने का लक्ष्य तय किया है।

 

रविवार दोपहर को पं. दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जिला भाजपा की बैठक हुई। अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय ने कहा कि सभी मंडलों के प्रभारी और अध्यक्ष सोमवार को संगठन की बैठक कर लें, विराट युवा सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को लाने का लक्ष्य तय कर लें, वाहनों की संख्या भी इस दौरान तय कर ली जाए।
भाजपा महानगर अध्यक्ष हरीशंकर यादव उर्फ राजू यादव ने संगठन के सभी अध्यक्षों को विराट युवा सम्मेलन में सहभागिता का लक्ष्य दिया, सभी से वाहन और कार्यकर्ताओं की संख्या पर बात की।
स्मारक निदेशक सोनपाल जी ने कहा कि यह राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, जनसंघ के संस्थापक पं. दीनदयाल उपाध्याय का कार्यक्रम है, जिसे इस दृष्टि से सफल बनाने में योगदान निभाना है। मेला कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पाठक ने पदाधिकारियों से कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की संख्या पूर्व से ही बताएं, जिससे व्यवस्थाएं सहेजी जा सके। उन्होंने कहा कि पंडाल में पांच हजार लोगों के बैठने का इंतजाम किया गया है। संचालन जिला महामंत्री महिपाल सिंह ने किया।
बैठक में नरेश कटारा, लाल सिंह तरकर, मनीष ओझा, पारस ठाकुर के अलावा कोसी, वृंदावन, सुरीर, बल्देव, राया, गोवर्धन आदि मंडलों के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।