मथुरा। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा गुरु जन शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन राजकीय विद्यालय लोहवन के सभागार में किया गया।
मनीष दयाल को माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा सम्मान समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र सिंह तथा एडीआईओएस यशपाल सिंह द्वारा उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से
सम्मानित किया गया। मनीष दयाल को यह सम्मान उनकी शिक्षा जगत में अमूल्य निष्ठा, योगदान के साथ साथ समाज में उनके उल्लेखनीय योगदान एवं सेवा कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
शिक्षक तथा सदभावना फाउंडेशन के अध्यक्ष मनीष दयाल समर्पित व निष्ठावान शिक्षक की भूमिका निभाने के साथ-साथ कई वर्षों से समाज में महिला सशक्तिकरण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, यातायात, पर्यावरण के क्षेत्र में और अनेकों प्रकार से समाजसेवी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें डीआईओएस रवींद्र सिंह ने अंगवस्त्र ओढा कर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज की धुरी होता है। हमारे नन्हे मुन्ने बच्चों को समाज व राष्ट्र के प्रति समर्पित करने का दायित्व शिक्षक का ही है। यदि शिक्षक अपनी जिम्मेदारी पूर्ण निष्ठा व लगन के साथ निभाए तो भारत आने वाले दिनों में संपूर्ण विश्व के अंदर महाशक्ति के रूप में उभर कर सामने आएगा।








