खरीफ फसलों के लिए उर्वरक की ऋण सीमा स्वीकृत

खरीफ अभियान में सहकारी समितियों पर उर्वरक निर्बाध उपलब्धता बनाये रखने के लिये स्वीकृत की गयी ऋणसीमा

मथुरा: जिला सहकारी बैंक लि0. मथुरा के माननीय अध्यक्ष श्री निरंजन सिंह धनगर की अध्यक्षता में गठित साख स्वीकृत कमेटी की बैठक आज सम्पन्न हुई। बैठक में जिला सहकारी बैंक लि. मथुरा से सम्बद्ध बी-पैक्स समितियों, सहकारी संघ एवं क्रय-विक्रय समितियों की प्राप्त उर्वरक ऋण सीमा आवेदन पत्रों का बैंक के निरीक्षण विभाग द्वारा परीक्षणोपरान्त 60 प्राथमिक कृषि सहकारी ऋण समितियों एवं 11 सहकारी संघों की कैश एण्ड कैरी ऋण सीमा स्वीकृत की गयी।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष निरंजन सिंह धनगर

कृषकों की सुविधा के दृष्टिगत उर्वरक ऋण सीमा की संचालन अवधि 30 जून, 2025 तक विस्तारित की गयी थी। बैंक से 104 प्राथमिक कृषि सहकारी ऋण समितियाॅ और 25 सहकारी संघ सम्बद्ध है, शेष सहकारी संस्थाओं को उर्वरक ऋण सीमा आवेदन पत्र स्वीकृत हेतु प्रेषित किये जाने के निर्देश दिये गये, जिससे कृषकों को फसल बुआई के लिये उर्वरक हेतु दर-दर भटकना न पड़े।

बैठक में बनवारी सिंह सिकरवार, कमेटी सदस्य एवं संचालक बैंक,  सुमित कुमार शर्मा, उपमहाप्रबन्धक एवं सदस्य संयोजक साख स्वीकृत कमेटी,  अरुण कुमार यादव, अनुभाग अधिकारी (निरीक्षण-संग्रह) आदि उपस्थित थे।