भाकियू अराजनैतिक का विस्तार, मैनपुरी में बड़ी संख्या में किसान हुए शामिल

भाकियू अराजनैतिक का विस्तार, मैनपुरी में बड़ी संख्या में किसान हुए शामिल

मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर का किया स्वागत

मथुरा/मैनपुरी : भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) का कुनबा तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को मैनपुरी जिले में बड़ी संख्या में किसान संगठन में शामिल हुए। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर ने संगठन में अपनी आस्था व्यक्त करने वाले किसानों को विश्वास दिलाया कि किसानों की समस्या के निस्तारण के लिए संगठन न केवल संघर्ष करेगा बल्कि उनकी समस्या का हल करवा कर ही दम लेगा।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर की मौजूदगी में मैनपुरी के जिलाध्यक्ष नवनीत ने बड़ी संख्या में किसानों को संगठन की सदस्यता ग्रहण कराई। करहल मार्ग स्थित एमआर गार्डन में हुई किसानों की बैठक में मंडल अध्यक्ष के समक्ष अपनी समस्याओं को रखा और साथ ही यह भी बताया कि अधिकारी किसानों की समस्या का हल नहीं कर रहे है। इस मामले को मंडल अध्यक्ष ने गंभीरता से लिया और कहा कि कोई भी किसान अपने आप को कमजोर और अकेला न समझे। संगठन हर वक्त किसान के साथ खड़ा नजर आएगा। इसके साथ ही मंडल अध्यक्ष ने यह भी साफ कर दिया कि जिन अधिकारियों के स्तर पर किसानों की समस्या लंबित है। उसका निस्तारण कराने के लिए सभी किसान एकजुट होकर आंदोलन करें। धरना प्रदर्शन और ज्ञापन देने के बाद भी अगर कोई अधिकारी किसानों की समस्या का निस्तारण नहीं करता है तो फिर ऐसे अधिकारियों के कार्यालय का घेराव किया जाए। तालाबंदी की जाए। इतने पर भी सबंधित जिला प्रशासन किसानों की बात को अनसुनी करता है तो फिर तहसील स्तर से लेकर जिला स्तर पर पूरे प्रदेश में संगठन आंदोलन करेगा। यह आंदोलन तभी खत्म होगा, जब तक किसानों की सभी जायज मांग स्वीकार नहीं कर ली जाती है। अंत में मंडल अध्यक्ष ने मैनपुरी जिले के किसानों का हौसला अफजाई करते हुए कहा कि संगठन में अधिक से अधिक किसानों को शामिल कराया जाए। उनको संगठन की रीति-नीति और सिद्धांत बताए जाए। साथ संगठन के लक्ष्य की किसानों को जानकारी दी जाए। इसमे मैनपुरी जिला महासचिव ब्रजेश कुमार, सदर तहसील के महासचिव अतुल चौहान, अभिमन्यु यादव, ओमप्रकाश, ब्रजमोहन यादव,प्रशांत, जवार सिंह, मुनेंद्र कुमार, आशुतोष यादव, विश्वजीत सिंह राजपूत, दिनेश कुमार, कीरत शाक्य, जीतेन्द्र कुमार,
नवल किशोर, राहुल कुमार आदि मौजूद रहे।