लड्डू गोपाल के भोग भंडार के लड्डुओं से लगेगा रामलला का भोग
-श्रीकृष्ण जन्मभूमि से लड्डू लेकर रथ अयोध्या हुआ रवाना
,मथुराः रामनाम के सराबोर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर कर परिसर। लड्डू गोपाल का आंगन में मंद हुआ श्रीराधे राधे, जय श्रीकृष्णा का जयघोष। हर ओर गूंजते जय श्रीराम, जय सियाराम के गगन भेदी स्वर। मृदंग पर सुध-बुध खोकर नृत्य कर झूमते भक्त। रामनाम रंग में रंग श्रीकृष्ण की जन्मभूमि। केशवदेव के भोग भंडार में विधि-विधान से पंच मेवा से तैयार हुए लड्डूओं से भरी छबरिया सिर पर रखकर भागवत भवन की सीढ़ियों से लाते श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा, सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी और उनके संग में सेवायत। इन्ही लड्डुओं से लगेगा अयोध्या में रामलला का भोग।
अयोध्या में कल से रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आरंभ हो रहा है। लीलाधर, योग योगेश्वर श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मंदिर के भोग भंडार में रामलला का भोग भी तैयार किया गया है। विधि विधान से बेसन, मैदा, आटा, सूजी, विभिन्न प्रकार की मेवा, गोंद, केसर और देसी खांड से कान्हा के भोग भंडार में छह सैकड़ा विशेष लड्डू तैयार किए गए है। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में इनका भोग लगाया जाएगा। संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया, कार को रथ का रूप दिया गया है। रामध्वज लहारती हुई कार अयोध्या के लिए रवाना कर दी गई है। लड्डू गोपाल के दिव्य लड्डू लेकर कार आज रात तक अयोध्या पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर लड्डुओं को प्रसाद भी भक्तों को बांटा जाएगा। केशवदेव के भोग भंडार मेें प्रसाद तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, सैकड़ों वर्षाें के इंतजार के बाद यह दिन श्रीकृष्ण भक्त, राम भक्त और सनातनियों के लिए आए हैं। आज कान्हा की भूमि पर जयश्रीकृष्णा, जय श्री राधे के स्वर मंद हो गए है और जयश्री राम के जयघोष से समूची कान्हा की नगरी राममय हो गई। उन्होंने बताया, वह स्वयं 20 जनवरी को यहां से अयोध्या के लिए जाएंगे।











